Exclusive: फिल्म रामायण (Ramayana) को लेकर इन दिनों जबरदस्त चर्चा हो रही है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी (Sai Pallavi) माता सीता के किरदार में नजर आने वाली हैं। हालांकि, साई पल्लवी की कास्टिंग को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार बहस छिड़ी हुई है। कई लोग उनके चयन पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कई फैंस उनका समर्थन भी कर रहे हैं। इसी बीच दिग्गज अभिनेता अन्नू कपूर (Annu Kapoor) ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है। जूम टीवी को दिए इंटरव्यू में अन्नू कपूर ने साई पल्लवी को लेकर बड़ा बयान दिया, जिसकी अब हर तरफ चर्चा हो रही है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-रणबीर कपूर की Ramayana के ट्रेलर को मिली हरी झंडी, रिलीज से पहले आया बड़ा अपडेट)
अन्नू कपूर ने कह दी बड़ी बात
Zoom Spotlight Sessions को दिए इंटरव्यू में अन्नू कपूर ने कहा कि तकनीक के मामले में नई 'रामायण' भले ही रमानंद सागर की रामायण से आगे निकल जाए, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि माता सीता का किरदार किसे दिया गया है। अन्नू कपूर ने कहा, "क्या बनाएंगे? जो बनाएंगे, वो रमानंद सागर की रामायण को तकनीक के मामले में बहुत आगे दिखा देंगे। लेकिन उसके बाद आप सोचिए कि सीता का रोल किसे दिया है? सीता मां हैं। इस देश के हिंदू श्रीराम को नारायण का अवतार मानते हैं। और माता सीता के रूप में किसे लिया है? अब आप खुद सोचिए। आने दीजिए।" जब अन्नू कपूर से पूछा गया कि क्या उन्हें फिल्म की कास्टिंग पसंद नहीं है, तो उन्होंने नितेश तिवारी पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "आप जिस व्यक्ति का नाम ले रहे हैं, मैं उसे जानता भी नहीं हूं। वह कौन है? क्या करता है? मुझे तो पता भी नहीं। मैं फिल्में नहीं देखता और मुझे नहीं लगता कि मैंने कुछ मिस किया है। आई एम सॉरी।"
बता दें कि 'रामायण' में रवि दुबे भगवान लक्ष्मण, सनी देओल भगवान हनुमान और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा इंदिरा कृष्णन, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल, आदिनाथ कोठारे और कुणाल कपूर भी इस फिल्म का अहम हिस्सा हैं। इस फिल्म का पहला पार्ट दिवाली पर रिलीज होगा। वहीं दूसरा हिस्सा साल 2027 में रिलीज होगा।
