टेक एंड गैजेट्स

कई सालों बाद भी लैपटॉप रहेगा नया जैसा, स्क्रैचेज से बचाने के लिए अपनाएं ये असरदार तरीके

लैपटॉप की बॉडी और स्क्रीन में स्क्रैच आना एक आम समस्या है। स्क्रैच अधिक हो तो काम करने में भी दिक्कत होती है और साथ ही इसकी वजह से रीसेल वैल्यू भी कम हो जाती है। आप कुछ आसान तरीके अपनाकर कई सालों तक लैपटॉप को नया जैसा रख सकते हैं।

Image

आप कुछ आसान टिप्स अपनाकर लैपटॉप को नए जैसा सालों तक रख सकते हैं।(फोटो क्रेडिट-iStock)

आज के समय में लैपटॉप सिर्फ एक गैजेट नहीं, बल्कि पढ़ाई, ऑफिस, बिजनेस और एंटरटेनमेंट का अहम हिस्सा बन चुका है। लेकिन रोजाना इस्तेमाल के दौरान लैपटॉप पर स्क्रैच आना एक आम समस्या है। एक बार बॉडी या स्क्रीन पर स्क्रैच पड़ जाए तो डिवाइस का लुक खराब हो जाता है और उसकी रीसेल वैल्यू भी कम हो सकती है।

अगर डिस्प्ले पर स्क्रैच अधिक पड़ जाएं तो इससे आपको अपने जरूरी काम करने में दिक्कत आ सकती है। हालांकि अच्छी बात यह है कि कुछ आसान चीजें अपनाकर आप अपने लैपटॉप को स्क्रैच से लंबे समय तक बचा सकते हैं।

हमेशा लैपटॉप स्लीव या हार्ड केस का इस्तेमाल करें

अगर आप लैपटॉप को अक्सर ऑफिस, कॉलेज या सफर के दौरान साथ लेकर जाते हैं, तो उसके लिए अच्छी क्वालिटी का पैडेड लैपटॉप स्लीव या हार्ड केस जरूर खरीदें। इससे बैग के अंदर चाबियां, चार्जर या अन्य सामान की वजह से होने वाले स्क्रैच से बचाव होता है। साथ ही हल्के झटकों से भी सुरक्षा मिलती है।

स्क्रीन पर स्क्रीन प्रोटेक्टर लगाएं

स्मार्टफोन की तरह अब लैपटॉप के लिए भी स्क्रीन प्रोटेक्टर मिल जाते हैं। यह स्क्रीन को धूल, उंगलियों के निशान और हल्के स्क्रैच से बचाता है। खासकर टचस्क्रीन लैपटॉप इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए यह काफी फायदेमंद विकल्प हो सकता है।

साफ करने के लिए सही कपड़े का इस्तेमाल करें

लैपटॉप की स्क्रीन या बॉडी को साफ करने के लिए कभी भी रफ कपड़ा, टिश्यू पेपर या किसी भी तरह का खुरदुरा मटेरियल इस्तेमाल न करें। इसके बजाय माइक्रोफाइबर कपड़े का उपयोग करें। जरूरत पड़ने पर स्क्रीन क्लीनिंग सॉल्यूशन का इस्तेमाल करें, लेकिन लिक्विड को सीधे स्क्रीन पर स्प्रे न करें।

बैग में अलग कम्पार्टमेंट रखें

अगर लैपटॉप को बैग में रखते हैं, तो कोशिश करें कि उसे अलग कम्पार्टमेंट में रखें। चाबियां, सिक्के, पावर बैंक या अन्य धातु की चीजें लैपटॉप की बॉडी पर आसानी से स्क्रैच डाल सकती हैं।

विनाइल स्किन या बॉडी प्रोटेक्टर लगवाएं

अगर आप लैपटॉप की बाहरी बॉडी को लंबे समय तक सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो उस पर अच्छी क्वालिटी की विनाइल स्किन या बॉडी प्रोटेक्टर लगवा सकते हैं। इससे स्क्रैच का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है और लैपटॉप का लुक भी स्टाइलिश दिखाई देता है।

नियमित सफाई करें

धूल और छोटे-छोटे कण भी समय के साथ लैपटॉप की सतह पर रगड़ खाकर स्क्रैच का कारण बन सकते हैं। इसलिए सप्ताह में कम से कम एक बार लैपटॉप की स्क्रीन, कीबोर्ड और बॉडी की सफाई जरूर करें।

खाने-पीने की चीजों से रखें दूरी

लैपटॉप के पास खाना खाने या किसी भी तरह का लिक्विड न रखें। इस तरह की चीजों से सिर्फ स्क्रैच का ही डर नहीं रहता बल्कि इससे लैपटॉप के इंटर्नल पार्ट्स भी खराब होने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसलिए हमेशा लैपटॉप का इस्तेमाल साफ सुथरी जगह पर ही करें।

लैपटॉप पर स्क्रैच आना पूरी तरह से रोका नहीं जा सकता, लेकिन सही देखभाल और कुछ आसान आदतें अपनाकर इसे काफी हद तक रोका जा सकता है। यदि आप शुरुआत से ही स्क्रीन प्रोटेक्टर, लैपटॉप स्लीव और नियमित सफाई जैसी बातों का ध्यान रखते हैं, तो आपका लैपटॉप कई सालों तक नया जैसा दिखेगा। साथ ही उसकी परफॉर्मेंस, लुक और रीसेल वैल्यू भी लंबे समय तक बेहतर बनी रहेगी।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article