देश

मिशन 2027: यूपी में सीट शेयरिंग को लेकर हलचल तेज, सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस की जल्द होगी अहम बैठक

​कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने स्पष्ट किया कि अगले एक-दो दिन में सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत शुरू हो सकती है। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस की ओर से मांगी गई सीटों की संख्या बताने से इनकार किया।

Image

राहुल गांधी और अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

समाजवादी पार्टी (SSP) और कांग्रेस के बीच अगले साल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर अगले कुछ दिनों में बातचीत शुरू होने की संभावना है।दोनों दलों ने सोशल मीडिया पर सीटों की संख्या और कांग्रेस की ओर से सपा को सौंपी गई कथित 181 सीटों की सूची को फर्जी बताते हुए इन अटकलों को खारिज किया है।

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बृहस्पतिवार को बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित 181 उम्मीदवारों और निर्वाचन क्षेत्रों की सूची पूरी तरह फर्जी है। उन्होंने कहा, 'यह सूची पूरी तरह फर्जी है।'गौतम ने स्पष्ट किया कि अगले एक-दो दिन में सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत शुरू हो सकती है। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस की ओर से मांगी गई सीटों की संख्या बताने से इनकार किया।दरअसल, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में दिल्ली में आयोजित ’एचटी लीडरशिप समिट’ में कहा था कि कांग्रेस ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए 181 सीटों की मांग की है। इसके बाद सोशल मीडिया पर 181 विधानसभा क्षेत्रों की एक सूची वायरल हो गई थी, जिसे कांग्रेस की आधिकारिक सूची बताया जा रहा था।

'सम्मानजनक समझ और सीटों का सम्मानजनक बंटवारा होगा'

इस बीच, बुधवार को जेल से रिहा हुए सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान ने भी कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर सकारात्मक संकेत दिए।रामपुर में बृहस्पतिवार को संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब पहले जैसी पार्टी नहीं है और उसका नेतृत्व भी बदल चुका है।उन्होंने कहा, 'सम्मानजनक समझ और सीटों का सम्मानजनक बंटवारा होगा। अगर हमें कुछ ज्यादा भी देना पड़ा तो हम यह त्याग करेंगे।'दोनों दलों के सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच अच्छे संबंध हैं और 16 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ’बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन कार्यक्रम के दौरान भी दोनों नेताओं के बीच सीट बंटवारे के मुद्दे पर संक्षिप्त बातचीत हुई थी।

कांग्रेस नेता गौतम ने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा ने कांग्रेस के लिए 107 सीटें छोड़ी थीं। उन्होंने कहा, 'उस समय हमारी तैयारी आज जैसी नहीं थी। इसलिए इस बार हम बेहतर संख्या में सीटों की उम्मीद करते हैं।' वहीं, सपा नेता और पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी ने कहा कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर सहमति बनने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता सीटों की संख्या नहीं, बल्कि जीतने की संभावना होनी चाहिए। चौधरी ने कहा कि अगले कुछ दिनों में बातचीत के बाद ऐसा फार्मूला तैयार किया जाएगा जो भाजपा को हराने में प्रभावी हो।

'अंत में फैसला जीतने की क्षमता के आधार पर होना चाहिए'

हालांकि, सपा के वरिष्ठ नेता एस.टी. हसन ने कहा कि कोई भी दल कितनी भी सीटों की मांग कर सकता है, लेकिन अंत में फैसला जीतने की क्षमता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में अपने घटते चुनावी प्रभाव पर विचार करने की सलाह भी दी।कांग्रेस ने सीट बंटवारे को लेकर एक समिति गठित की है, जिसमें प्रियंका गांधी वाद्रा, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा और प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद शामिल हैं।इस बीच, भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि सपा को कांग्रेस के लिए कोई सीट नहीं छोड़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव समझदार नेता हैं और उन्हें इस बारे में बेहतर फैसला लेना चाहिए।

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन को अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने मिलकर उत्तर प्रदेश की 80 में से 43 सीटें जीती थीं। इस प्रदर्शन ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के संभावित गठबंधन और सीट बंटवारे को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बना दिया है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article