यदि आप भी किसी ऐसे इलाके में रहते हैं जहां अक्सर नेटवर्क की दिक्कत रहती है तो आपके लिए बड़ी खबर है। स्मार्टफोन कनेक्टिविटी के क्षेत्र में Samsung एक बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Samsung Galaxy S26 सीरीज में सैटेलाइट आधारित वॉइस और वीडियो कॉलिंग की सुविधा दी जा सकती है, हालांकि कंपनी ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन लीक जानकारी ने टेक इंडस्ट्री में हलचल जरूर मचा दी है। अगर यह फीचर वाकई आता है, तो Samsung सीधे तौर पर Apple की उस तकनीक को टक्कर देगा, जिसे iPhone यूजर्स काफी समय से इस्तेमाल कर रहे हैं।
बिना मोबाइल नेटवर्क के भी कॉल करने की सुविधा
सैटेलाइट कॉलिंग का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यूजर नेटवर्क न होने की स्थिति में भी संपर्क कर पाएंगे। माना जा रहा है कि Galaxy S26 फोन खुद ही यह पहचान लेंगे कि मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है और फिर अपने आप सैटेलाइट मोड में स्विच हो जाएंगे। इस मोड में फोन सीधे सैटेलाइट से कनेक्ट होकर इमरजेंसी कॉल या वीडियो कॉल करने में सक्षम होगा। हालांकि यह सुविधा सिर्फ उन्हीं क्षेत्रों में काम करेगी, जहां सैटेलाइट सपोर्ट उपलब्ध होगा।
Exynos 2600 चिप निभा सकती है अहम भूमिका
लीक रिपोर्ट्स के अनुसार, Galaxy S26 के कुछ वेरिएंट्स में Exynos 2600 चिपसेट दिया जा सकता है। कहा जा रहा है कि इस चिप में अगली पीढ़ी का मॉडेम होगा, जो नॉन-टेरेस्ट्रियल नेटवर्क (NTN) को सपोर्ट करता है। यह तकनीक उसी तरह काम करती है, जैसे Apple ने iPhone 14 सीरीज़ में सैटेलाइट SOS और मैसेजिंग फीचर दिया था, हालांकि Samsung ने अब तक मॉडेम की पूरी क्षमताओं को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
सैटेलाइट पार्टनरशिप भी होगी जरूरी
Samsung को इस फीचर के लिए किसी ग्लोबल सैटेलाइट ऑपरेटर के साथ साझेदारी करनी होगी। Apple की तरह Samsung भी किसी सैटेलाइट कंपनी के जरिए कॉल और डेटा को रूट कर सकता है। संभावना है कि इस सेवा के लिए, सीमित फ्री यूसेज, या अलग से सब्स्क्रिप्शन जैसे नियम लागू किए जाएं।
यूजर्स के लिए क्यों है यह फीचर अहम?
सैटेलाइट कॉलिंग उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकती है, जो दूरदराज के इलाकों में रहते हैं, पहाड़ी या ग्रामीण क्षेत्रों में यात्रा करते हैं या प्राकृतिक आपदा के समय नेटवर्क से कट जाते हैं। भारत जैसे देश में, जहां कई ग्रामीण इलाकों में नेटवर्क जल्दी गायब हो जाता है, यह सुविधा जान बचाने वाली तकनीक बन सकती है, हालांकि आम यूजर शायद इसका रोजमर्रा में ज्यादा इस्तेमाल न करे।
Apple और Samsung की टेक रेस
Samsung और Apple के बीच टेक्नोलॉजी को लेकर मुकाबला हमेशा चर्चा में रहता है। जहां Samsung ने Apple को फोल्डेबल फोन न होने पर तंज कसा था, वहीं अब वह सैटेलाइट फीचर्स के मामले में Apple की बराबरी करने की कोशिश कर रहा है। वहीं दूसरी ओर, 2026 में iPhone Fold आने की चर्चाओं के बीच Samsung भी नए फोल्डेबल डिजाइन पर काम कर रहा है, ताकि प्रीमियम स्मार्टफोन मार्केट में अपनी बढ़त बनाए रख सके।
