WhatsApp ने भारत में अपने यूजर्स के लिए Bill Payments सुविधा लॉन्च कर दी है। इस फीचर के जरिए यूजर्स अब WhatsApp से बाहर निकले बिना बिजली, गैस, पानी, FASTag, इंश्योरेंस, क्रेडिट कार्ड और लोन जैसी कई तरह की पेमेंट कर सकेंगे। यह सुविधा Bharat Connect (BBPS) नेटवर्क पर आधारित है और इसके जरिए यूजर्स को 30 कैटेगरी में 22,722 से ज्यादा बिलर्स का एक्सेस मिलेगा।
कंपनी का यह कदम ऐसे समय आया है जब भारत में डिजिटल पेमेंट और खासतौर पर UPI का इस्तेमाल लगातार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहा है। WhatsApp का लक्ष्य रोजमर्रा के जरूरी कामों को भी उसी आसान तरीके से उपलब्ध कराना है, जिस तरह यूजर्स प्लेटफॉर्म पर मैसेज भेजते हैं।
अगस्त में UPI ने बनाया नया रिकॉर्ड
WhatsApp का Bill Payments फीचर ऐसे समय लॉन्च हुआ है जब भारत के UPI नेटवर्क ने अगस्त 2026 में नया रिकॉर्ड बनाया है। NPCI के आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त में UPI के जरिए 24.51 अरब यानी 2,451 करोड़ ट्रांजैक्शन हुए, जो जुलाई के मुकाबले 3.6 फीसदी ज्यादा हैं। इन ट्रांजैक्शन की कुल वैल्यू करीब 29.82 लाख करोड़ रुपये रही।
सालाना आधार पर UPI ट्रांजैक्शन वॉल्यूम में 22 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जबकि ट्रांजैक्शन वैल्यू 20 फीसदी बढ़ी। अगस्त में रोजाना औसतन करीब 79.1 करोड़ UPI ट्रांजैक्शन हुए। यह लगातार दूसरा महीना है जब UPI ने ट्रांजैक्शन वॉल्यूम का नया रिकॉर्ड बनाया है।
UPI की पहुंच लगातार बढ़ रही है
NPCI ने अप्रैल 2016 में UPI की शुरुआत की थी। एक दशक में इसका इस्तेमाल कई गुना बढ़ गया है। FY 2016-17 में जहां करीब 2 करोड़ UPI ट्रांजैक्शन हुए थे, वहीं FY 2025-26 में यह आंकड़ा 24,161 करोड़ से ज्यादा पहुंच गया। इस दौरान सालाना UPI ट्रांजैक्शन की वैल्यू भी 314 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई। UPI नेटवर्क पर अब 700 से ज्यादा बैंक लाइव हैं, जबकि लॉन्च के समय यह संख्या केवल 21 थी। UPI भारत के अलावा UAE, सिंगापुर, फ्रांस, भूटान, नेपाल, श्रीलंका, मॉरीशस और कतर जैसे देशों में भी उपलब्ध है।
22,722 से ज्यादा Billers का मिलेगा एक्सेस
WhatsApp Bill Payments को Bharat Connect (BBPS) नेटवर्क से जोड़ा गया है। इसके तहत यूजर्स को 30 कैटेगरी में 22,722 से ज्यादा बिलर्स मिलेंगे। इनमें बिजली, गैस, पानी, FASTag, इंश्योरेंस, क्रेडिट कार्ड और लोन रिपेमेंट जैसी सेवाएं शामिल हैं। WhatsApp ने Payments Home में एक रुपये का आइकन दिया है, जहां से यूजर्स बिल पेमेंट के साथ पिछली पेमेंट हिस्ट्री, आने वाले बिल और एक ही प्रोवाइडर के कई अकाउंट को मैनेज कर सकेंगे।
एक जगह दिखेंगे घर, ऑफिस और परिवार के बिल
इस फीचर में Household Bills Summary का विकल्प भी दिया गया है। WhatsApp पर पहले जिन बिलर्स को पेमेंट किया गया है, उनके बिल Payments Home पर दिखाई दे सकते हैं, जिससे अगली बार पेमेंट करना आसान होगा।
इसके अलावा एक ही बिलर के तहत घर, ऑफिस या परिवार के अलग-अलग अकाउंट भी मैनेज किए जा सकेंगे। अक्सर इस्तेमाल होने वाली बिल कैटेगरी Payments Home पर अपने आप दिखाई देंगी, जबकि "See All" विकल्प के जरिए सभी उपलब्ध कैटेगरी देखी जा सकेंगी।
WhatsApp से Bill Payment कैसे करें?
WhatsApp पर बिल भरने के लिए सबसे पहले ऐप खोलें और होम स्क्रीन के ऊपर दिए गए रुपये के आइकन पर टैप करें। इसके बाद अपनी बिल कैटेगरी और बिलर चुनें। अकाउंट से जुड़ी जरूरी जानकारी दर्ज करके उसे कन्फर्म करें। WhatsApp बिल की रकम और अन्य जरूरी डिटेल्स फेच करेगा। इसके बाद यूजर UPI, Debit Card या Credit Card में से किसी एक पेमेंट मोड को चुनकर पेमेंट कन्फर्म कर सकता है।
WhatsApp पर पहले से मिल रही हैं कई डिजिटल सेवाएं
भारत में WhatsApp पहले से ही मोबाइल रिचार्ज, अलग-अलग शहरों में मेट्रो टिकट बुकिंग और सरकारी चैटबॉट के जरिए नागरिक सेवाओं जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। Bill Payments के साथ कंपनी ने अब रोजमर्रा के यूटिलिटी बिलों को भी इसी चैट इंटरफेस में शामिल कर दिया है।
