टेक एंड गैजेट्स

स्विच ऑफ करने के बाद भी क्यों जलता रहता है LED बल्ब? क्या इससे बढ़ता है बिजली का बिल?

क्या आपके घर में भी स्विच बंद करने के बाद LED बल्ब हल्का चमकता रहता है? इसके पीछे वायरिंग, स्विच या बल्ब के सर्किट से जुड़ी वजह हो सकती है। जानिए ऐसा क्यों होता है और बिजली बिल पर इसका कितना असर पड़ता है।

Image

bulb Switched off

कई घरों में एक अजीब समस्या देखने को मिलती है। स्विच बंद करने के बाद भी LED बल्ब हल्का-हल्का चमकता रहता है। बल्ब पूरी तरह नहीं जलता, बल्कि उसमें धीमी रोशनी दिखाई देती है। पुराने बल्बों में यह समस्या कम देखने को मिलती थी, लेकिन LED बल्ब आने के बाद ऐसी शिकायतें बढ़ गई हैं। इसे देखकर लोगों के मन में सवाल उठता है कि क्या इससे बिजली बर्बाद हो रही है? दरअसल, वायरिंग में हल्का करंट या बल्ब के सर्किट में मौजूद ऊर्जा इसकी वजह हो सकती है। इसे समझने के लिए आइए जानते हैं कि LED बल्ब स्विच बंद होने के बाद भी क्यों चमकता है और इस समस्या को कैसे ठीक किया जा सकता है।

स्विच बंद होने के बाद भी LED बल्ब क्यों चमकता है?

जब आप कमरे की लाइट बंद करते हैं, तब भी अगर LED बल्ब हल्का-हल्का चमकता रहता है, तो इसे तकनीकी भाषा में ‘घोस्ट ग्लोइंग’ (Ghost Glowing) कहा जाता है। LED बल्ब बहुत कम बिजली में भी रोशनी पैदा कर सकते हैं। इसलिए वायरिंग में मौजूद मामूली करंट या बल्ब के अंदर जमा थोड़ी ऊर्जा भी हल्की चमक पैदा कर सकती है।

इसकी एक वजह घर की वायरिंग भी हो सकती है। कई बार फेज और न्यूट्रल तारों के बीच बिजली का हल्का प्रभाव पैदा होता है, जिससे बल्ब तक बहुत कम करंट पहुंच सकता है। इसके अलावा, अगर आपके घर में इंडिकेटर वाला स्विच लगा है, तो उससे भी थोड़ा करंट गुजर सकता है। कुछ मामलों में गलत वायरिंग या खराब स्विच के कारण भी LED बल्ब बंद होने के बाद चमकता रहता है। हालांकि, हर बार इसके पीछे वायरिंग की गलती ही हो, यह जरूरी नहीं है।

क्या इससे बिजली का बिल बढ़ता है?

स्विच बंद होने के बाद बल्ब हल्का चमक रहा है, तो इससे थोड़ी बिजली खर्च हो सकती है। हालांकि, आमतौर पर इस तरह की चमक के दौरान बिजली की खपत बहुत कम होती है। इसलिए केवल इस वजह से बिजली के बिल में बड़ा अंतर आने की संभावना कम रहती है। लेकिन अगर बल्ब लगातार चमक रहा है या बार-बार झपक रहा है, तो इसकी जांच कराना बेहतर होगा।

LED बल्ब की इस समस्या को कैसे ठीक करें?

अगर आपके घर में भी स्विच बंद करने के बाद LED बल्ब चमकता रहता है, तो सबसे पहले स्विच और वायरिंग की जांच करवाएं। किसी प्रशिक्षित इलेक्ट्रीशियन से यह सुनिश्चित करवाएं कि स्विच सही फेज वायर पर लगा है या नहीं। जरूरत पड़ने पर इंडिकेटर वाले स्विच को बदलने या वायरिंग ठीक कराने से समस्या दूर हो सकती है।

ध्यान रखें कि अगर स्विच बंद होने के बाद भी बल्ब काफी तेज चमक रहा है या वायरिंग में खराबी का संदेह है, तो इसे नजरअंदाज न करें। खुद स्विच बोर्ड खोलने या तारों को छूने के बजाय इलेक्ट्रीशियन की मदद लें, क्योंकि गलत वायरिंग के कारण बिजली का झटका लगने का खतरा हो सकता है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article