कई यूजर्स के लिए Windows अपडेट्स हमेशा परेशानी का कारण रहे हैं। अक्सर ऐसा होता है कि किसी जरूरी काम या मीटिंग के बीच सिस्टम अचानक अपडेट इंस्टॉल करने लगता है। अब इस समस्या को ध्यान में रखते हुए Microsoft ने बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने घोषणा की है कि यूज़र्स अब Windows अपडेट्स को अपनी सुविधा के अनुसार पॉज कर सकेंगे।
35 दिनों तक अपडेट पॉज करने की सुविधा
Microsoft ने बताया कि अब यूजर्स को एक नया कैलेंडर इंटरफेस मिलेगा, जिसके जरिए वे अपडेट्स को अधिकतम 35 दिनों तक पॉज़ कर सकते हैं। खास बात यह है कि यह अवधि खत्म होने के बाद यूजर्स फिर से 35 दिनों के लिए अपडेट को पॉज कर सकते हैं। यानी जरूरत पड़ने पर अपडेट्स को लंबे समय तक टाला जा सकता है, जिससे काम में रुकावट नहीं आएगी।
अब नहीं होंगे जबरन अपडेट इंस्टॉल
नई अपडेट पॉलिसी के तहत अब यूजर्स को “Update and Restart” या “Update and Shutdown” के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा। पावर मेन्यू में अब सामान्य रीस्टार्ट और शटडाउन के विकल्प भी उपलब्ध होंगे। यानी अगर आप बिना अपडेट इंस्टॉल किए सिस्टम बंद या रीस्टार्ट करना चाहते हैं, तो यह संभव होगा।
सेटअप के दौरान भी अपडेट स्किप करने का विकल्प
Microsoft ने Out-of-Box Experience (OOBE) में भी बदलाव किया है। अब जब आप नया लैपटॉप या पीसी सेटअप करेंगे, तो शुरुआती प्रक्रिया के दौरान ही अपडेट्स को स्किप कर सकेंगे। इससे नया डिवाइस जल्दी इस्तेमाल के लिए तैयार हो जाएगा और आप बाद में अपनी सुविधा अनुसार अपडेट कर सकते हैं।
अपडेट्स की जानकारी होगी और स्पष्ट
कंपनी ने अपडेट्स को लेकर पारदर्शिता बढ़ाने के लिए भी कदम उठाया है। अब ड्राइवर अपडेट्स के नाम के साथ उनकी कैटेगरी भी दिखाई जाएगी, जैसे डिस्प्ले, ऑडियो, बैटरी या अन्य। इससे यूजर्स को समझने में आसानी होगी कि कौन सा अपडेट किस काम का है।
किन यूजर्स को मिलेगा नया फीचर?
Microsoft ने इन नए फीचर्स को फिलहाल Windows Insider प्रोग्राम के Dev Channel और Experimental Channel में रोलआउट करना शुरू कर दिया है। आने वाले समय में इसे सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है।
