Meta Layoff News: मार्क जकरबर्ग की कंपनी मेटा को लेकर इस वक्त एक काफी बड़ी खबर सामने आ रही है। मेटा अगले हफ्ते योजनाबद्ध तरीके से छंटनी की तैयारी कर रही है। छंटनी के इस दौर की शुरुआत सोमवार 10 फरवरी 2025 को होगी और इस दौरान 3000 से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी से निकाला जाएगा। सोमवार सुबह 5 बजे से उन सभी कर्मचारियों को ईमेल के माध्यम से नोटिस मिलना शुरू हो जाएगा। मेटा तकनीकी जगत की जानी-मानी कंपनी है। आइये जानते हैं कि इतने सारे कर्मचारियों को मेटा नौकरी से क्यों निकाल रही है?
इनकी हायरिंग में आएगी तेजी
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी द्वारा कर्मचारियों को मेमो दिया गया है और सूचित किया गया है कि मेटा मशीन लर्निंग इंजीनियर्स की हायरिंग में तेजी लाने की कोशिश कर रही है। पिछले महीने सूचना देते हुए मेटा ने कहा था कि कंपनी के सबसे खराब प्रदर्शन करने आले कर्मचारियों में से 5% की छंटनी की जाएगी। इसके साथ ही कंपनी ने यह भी कहा था कि जिन लोगों को निकाला जाएगा उनमें से कुछ पदों के लिए फिर से हायरिंग भी की जाएगी।
कहां से कितने लोग निकलेंगे
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो क्षेत्रीय नियमों की वजह से जर्मनी, फ्रांस, इटली और नीदरलैंड देशों में स्थित कर्मचारियों को छंटनी से बाहर रखा जाएगा। वहीं यूरोप और एशिया समेत दर्जन भर देशों से कर्मचारियों की छंटनी की जाएगी। नोटिस में यह भी कहा गया है 11 फरवरी से लेकर 18 फरवरी के बीच नौकरी से निकाले जाने वाले लोगों को सूचित कर दिया जाएगा।
