Canada Wildfires: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में तेजी से फैल रही जंगल की आग के चलते हाहाकार मचा हुआ है। आग पर काबू पाने की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन स्थिति को बिगड़ता देख हजारों लोगों को अपने घर खाली करने पड़े। साथ ही, जंगल की आग के चलते ब्रिटिश कोलंबिया में इमरजेंसी घोषित की गई है।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, बीसी वाइल्फफायर सर्विस ने बताया कि शुक्रवार को आग का पता चलने के बाद इसका दायरा लगभग दोगुना हो चुका है। बाल्ड रेंज फायर अब समरलैंड, पीचलैंड और आसपास के इलाकों में 103 वर्ग किलोमीटर से ज्यादा क्षेत्र में फैल चुकी है। समरलैंड के मेयर ने सबसे खराब स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा।
अधिकारियों के मुताबिक, आग की लपटें इतनी ऊंची और भीषण हैं कि इनके कारण खुद का मौसम तंत्र बन रहा है और बिजली गिरने जैसी घटनाएं हो रही हैं।
वाइल्डफायर से जनजीवन प्रभावित
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आग ने जंगल को तो अपनी चपेट में ले ही रखा है, लेकिन स्थानीय निवासी भी इससे प्रभावित हो रहे हैं। कई घर और संपत्तियां तबाह हो गईं। हालात इतने तेजी से बिगड़ रहे हैं कि कुछ लोग अपने घरों में ही फंस गए, जिन्हें दमकलकर्मियों ने बचाया और सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: विमान में अचानक क्यों लगते हैं तेज झटके? क्या पायलट रोक सकते हैं टर्बुलेंस; जानिए एक्सपर्ट की राय

ब्रिटिश कोलंबिया के जंगलों में लगी भीषण आग
20 हजार से ज्यादा लोगों ने छोड़ा घर
अधिकारियों के मुताबिक, बाल्ड रेंज फायर इस गर्मी में ब्रिटिश कोलंबिया में व्यापक पैमाने पर किए गए निकासी अभियान की वजह बनी है। पूरे प्रांत में अबतक 20,000 से ज्यादा लोगों को अपने घर खाली करने पड़े हैं। समरलैंड में लगभग 12,000 लोग रहते हैं, जबकि पीचलैंड की आबादी 6,500 के आसपास है।
