राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन से एक हैरान और डरा देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दामाद ने रात के अंधेरे में अपने ही ससुर के घर को निशाना बनाया और वहां खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी दामाद मूल रूप से पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश का रहने वाला है। पिछले कुछ समय से उसका अपनी पत्नी के साथ गंभीर विवाद चल रहा था।
इसी रंजिश और गुस्से के चलते वह पेट्रोल की बोतल लेकर सीधा अपने ससुर के घर झालरापाटन पहुंच गया। वहां मकान के अहाते में खड़ी दो गाड़ियों पर उसने पेट्रोल छिड़का और आग के हवाले कर दिया। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग और परिवार वाले बाहर भागे और किसी तरह मशक्कत करके आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों वाहन जलकर राख हो चुके थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: एयर इंडिया की फुकेत-दिल्ली फ्लाइट में खतरनाक टर्बुलेंस, AAIB ने शुरू की जांच; पायलट की डोप रिपोर्ट पर टिकी नजर
परिवार के साथ पूरे कॉलोनीवासियों में खौफ
इस पूरी वारदात में सबसे चौंकाने वाली बात वह पर्ची थी, जो आरोपी दामाद मौके पर छोड़कर भागा था। उस कागज पर लिखा था- "अगली बार फिर आऊंगा, गिफ्ट और भी बड़ा होगा… पीछे मत हटना, खेल में और भी मजा आने वाला है।" इस सनसनीखेज खत ने पीड़ित परिवार के साथ-साथ पूरी कॉलोनी को खौफ में डाल दिया है।
लोग समझ नहीं पा रहे कि कोई इस हद तक कैसे जा सकता है। घटना की जानकारी मिलते ही झालरापाटन पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मुआयना किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे अपनी सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं।
