टेक एंड गैजेट्स

AI एक्सपर्ट के लिए भारत में नौकरी-ही-नौकरी, एक महीने में भर्तियों में 15 प्रतिशत का इजाफा

रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि वर्ष 2026 में AI से जुड़ी भर्तियों में सालाना आधार पर 32 प्रतिशत तक की वृद्धि हो सकती है। इसके साथ ही AI नौकरियों की संख्या बढ़कर लगभग 3.8 लाख तक पहुंचने की संभावना है, जिससे इस क्षेत्र में करियर बनाने वालों के लिए बड़े अवसर खुलेंगे।

Image

AI Expert Jobs In India/Photo- Canva

भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े प्रोफेशनल्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। दिसंबर महीने में देश के भीतर कुल भर्ती गतिविधियों में सालाना आधार पर 15 प्रतिशत और मासिक आधार पर 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह संकेत देता है कि भारतीय रोजगार बाजार संतुलित लेकिन मजबूत विस्तार की ओर बढ़ रहा है।

AI बना 2025 की भर्तियों का सबसे बड़ा ट्रेंड

PTI/भाषा की रिपोर्ट में ऑनलाइन भर्ती पोर्टल फाउंडइट की ‘इनसाइट्स ट्रैकर रिपोर्ट’ के हवाले से कहा गया है, वर्ष 2025 में कृत्रिम मेधा यानी AI भर्तियों का सबसे अहम केंद्र बनकर उभरा। पूरे साल के दौरान AI से जुड़े 2.90 लाख से अधिक पदों के लिए विज्ञापन जारी किए गए, जो यह दर्शाता है कि कंपनियां अब AI को प्रयोग के बजाय मुख्य कार्यबल रणनीति के रूप में अपना रही हैं।

2026 में AI नौकरियों में और तेज उछाल की उम्मीद

रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि वर्ष 2026 में AI से जुड़ी भर्तियों में सालाना आधार पर 32 प्रतिशत तक की वृद्धि हो सकती है। इसके साथ ही AI नौकरियों की संख्या बढ़कर लगभग 3.8 लाख तक पहुंचने की संभावना है, जिससे इस क्षेत्र में करियर बनाने वालों के लिए बड़े अवसर खुलेंगे।

IT और BFSI सेक्टर में सबसे ज्यादा AI भर्तियां

क्षेत्रवार आंकड़ों की बात करें तो आईटी-सॉफ्टवेयर और आईटी सेवाओं का AI नौकरियों में सबसे बड़ा योगदान रहा, जिसकी हिस्सेदारी 37 प्रतिशत रही। इसके बाद बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा (BFSI) सेक्टर का हिस्सा 15.8 प्रतिशत और विनिर्माण क्षेत्र का 6 प्रतिशत रहा।

BFSI और हेल्थकेयर में तेज ग्रोथ

BFSI सेक्टर में AI भर्तियों में सालाना आधार पर 41 प्रतिशत की मजबूत बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा स्वास्थ्य और औषधि क्षेत्र में 38 प्रतिशत, खुदरा में 31 प्रतिशत, लॉजिस्टिक्स में 30 प्रतिशत और दूरसंचार क्षेत्र में 29 प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिली।

बेंगलुरु बना AI जॉब्स का सबसे बड़ा हब

भौगोलिक स्तर पर बेंगलुरु AI नौकरियों का सबसे बड़ा केंद्र बना रहा, जिसकी हिस्सेदारी 26 प्रतिशत रही। वहीं हैदराबाद ने 35 प्रतिशत की वृद्धि के साथ सबसे तेज उभरते शहर के रूप में अपनी पहचान बनाई। दूसरी श्रेणी के शहरों में जयपुर, इंदौर और मैसूरु AI भर्तियों के मामले में आगे रहे।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article