अगर आपका Android फोन कहीं खो गया है या चोरी हो गया है, तो सबसे पहले Google Find Hub की मदद लें। अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपके पास दूसरा Android फोन होना जरूरी नहीं है। आप किसी भी लैपटॉप, कंप्यूटर या यहां तक कि दोस्त के iPhone के ब्राउजर से भी अपने फोन को खोज सकते हैं। Find Hub की मदद से आप फोन की आखिरी लोकेशन देख सकते हैं, फोन में तेज आवाज बजा सकते हैं, उसे लॉक कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर उसका पूरा डेटा डिलीट भी कर सकते हैं।
Google Find Hub का पुराना नाम Find My Device था। यह लाखों Android डिवाइस के नेटवर्क की मदद से काम करता है। आसपास मौजूद Android डिवाइस Bluetooth सिग्नल की मदद से आप खोए हुए फोन की लोकेशन का पता लगाने में मदद कर सकते हैं। Google के मुताबिक, इस नेटवर्क से मिलने वाली लोकेशन की जानकारी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड होती है। यानी इसे सिर्फ आप देख सकते हैं।
फोन में ऑन रखें ये सेटिंग
Find Hub आमतौर पर Google अकाउंट से साइन इन करने के बाद अपने आप एक्टिव हो जाता है। लेकिन कुछ सेटिंग ऐसी हैं, जिन्हें पहले से चेक कर लेना बेहतर है।
अपने फोन में ये चीजें जरूर देखें:
- Location और Bluetooth ऑन हैं।
- Find Hub की सेटिंग में 'Allow device to be located' चालू है।
- Offline finding को "With network in busy places only" या "With network everywhere" पर सेट किया गया है।
- फोन में PIN, Pattern या Password लगा हुआ है। Offline finding के लिए इसकी जरूरत पड़ती है।
- आपके फोन में जिस Google अकाउंट से साइन इन है, उसका पासवर्ड या एक्सेस आपको याद है।
- कुछ नए Google Pixel फोन ऐसे भी हैं, जिन्हें स्विच ऑफ होने के कई घंटे बाद तक खोजा जा सकता है।
- ध्यान रखें कि अलग-अलग कंपनियों के Android फोन में सेटिंग्स के नाम और जगह थोड़ी अलग हो सकती है।
खोया हुआ Android फोन मैप पर कैसे खोजें?
अगर आपका फोन खो गया है, तो आप किसी दूसरे Android फोन या Wear OS स्मार्टवॉच में Find Hub ऐप खोल सकते हैं।
दूसरा विकल्प है कि आप किसी भी फोन या कंप्यूटर के ब्राउजर से Find Hub की वेबसाइट खोलें।
इसके बाद उसी Google अकाउंट से लॉगिन करें, जो आपके खोए हुए फोन में इस्तेमाल हो रहा था।
अब डिवाइस की लिस्ट में अपना फोन चुनें। मैप पर आपको फोन की आखिरी जानकारी वाली लोकेशन दिखाई देगी। वहां पहुंचने के लिए आप Google Maps से रास्ता भी देख सकते हैं।
फोन आसपास कहीं है तो ऐसे खोजें
- अगर आपको लगता है कि फोन घर, ऑफिस या आसपास ही कहीं पड़ा है, तो Find Hub में "Play sound" का विकल्प चुनें।
- इससे फोन करीब 5 मिनट तक पूरी आवाज में रिंग करेगा, भले ही फोन साइलेंट मोड पर क्यों न हो।
- अगर फोन आपके करीब है, तो "Find Nearby" फीचर भी मदद कर सकता है। करीब 10 मीटर के दायरे में पहुंचने पर स्क्रीन पर एक संकेत दिखाई देता है, जो आपको फोन के और करीब पहुंचने में मदद करता है।
फोन चोरी हो गया है तो तुरंत लॉक करें
अगर आपको लगता है कि फोन चोरी हो गया है या वापस मिलने की उम्मीद कम है, तो ऐसे में आपको कुछ सेटिंग करने की जरूरत है जिससे आप अपने डेटा को सेफ रख सकते हैं।Mark as lost:
इस विकल्प से आपका फोन लॉक हो जाएगा। आप लॉक स्क्रीन पर अपना मैसेज और कॉन्टैक्ट नंबर भी दिखा सकते हैं, ताकि फोन मिलने पर कोई आपसे संपर्क कर सके। हालांकि, मैसेज में बहुत ज्यादा निजी जानकारी न दें। ऐसी जानकारी का इस्तेमाल स्कैम करने वाले लोग आपको धोखा देने के लिए कर सकते हैं। कुछ नए Android फोन में फिंगरप्रिंट या Face Unlock के साथ अतिरिक्त सुरक्षा भी मिल सकती है।
2. Remote Lock: अगर आपको अपना Google पासवर्ड याद नहीं है, तब भी Remote Lock की मदद से फोन की स्क्रीन लॉक की जा सकती है। इसके लिए आपके फोन नंबर का इस्तेमाल किया जा सकता है।
3. Factory Reset: अगर आपको पूरा भरोसा है कि फोन वापस नहीं मिलने वाला, तो Factory Reset आखिरी विकल्प है। इससे फोन में मौजूद आपका पूरा डेटा हमेशा के लिए डिलीट हो जाएगा। लेकिन ध्यान रखें कि फोन को Factory Reset करने के बाद वह Find Hub से हट जाएगा और फिर आप उसकी लोकेशन ट्रैक नहीं कर पाएंगे। इसलिए Factory Reset करने से पहले फोन को खोजने और लॉक करने की पूरी कोशिश कर लेना बेहतर है।
सबसे जरूरी बात: फोन खोने के बाद घबराने के बजाय सबसे पहले Find Hub खोलें, फोन की लोकेशन चेक करें और जरूरत पड़ने पर उसे तुरंत लॉक कर दें। और सबसे अच्छी बात यह है कि इन सुविधाओं को इस्तेमाल करने के लिए आपके पास दूसरा Android फोन होना जरूरी नहीं है—कोई भी वेब ब्राउजर काम आ सकता है।
