Zomato और Blinkit की पैरेंट कंपनी Eternal के फाउंडर दीपिंदर गोयल इन दिनों अपनी नई हेल्थ टेक्नोलॉजी को लेकर चर्चा में हैं। गोयल ने Temple नाम का एक खास वियरेबल डिवाइस तैयार किया है, जिसके बारे में दावा किया जा रहा है कि यह दिमाग में होने वाले ब्लड फ्लो यानी रक्त के प्रवाह से जुड़े बदलावों को ट्रैक कर सकता है। इसकी कीमत को लेकर भी सोशल मीडिया पर कुछ लोगों के साथ गोयल की तीखी बहस हुई, लेकिन इस दावे पर मेडिकल एक्सपर्ट्स ने सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ डॉक्टरों का कहना है कि कंपनी ने अभी तक ऐसे ठोस वैज्ञानिक सबूत पेश नहीं किए हैं, जिनसे यह साबित हो सके कि डिवाइस वास्तव में दिमाग के ब्लड फ्लो को मापता है। इस विवाद के बीच गोयल ने अब खुद सामने आकर Temple की तकनीक, रिसर्च और उसमें किए गए निवेश का बचाव किया है।
क्या है Temple और कैसे काम करता है यह डिवाइस?
Temple एक छोटा, गोली के आकार का वियरेबल डिवाइस है, जिसे सिर के दोनों तरफ कनपटी के पास चिपकाया जाता है। इसे त्वचा पर चिपकाने के लिए खास एडहेसिव पैच का इस्तेमाल होता है। आम स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड की तरह यह केवल हार्ट रेट, नींद और शारीरिक गतिविधियों पर नजर रखने तक सीमित नहीं है। कंपनी का मुख्य दावा है कि यह दिमाग में रक्त के प्रवाह यानी सेरेब्रल ब्लड फ्लो से जुड़े बदलावों को ट्रैक कर सकता है।
इसके अलावा यह डिवाइस Entropy नाम का एक मेट्रिक भी ट्रैक करता है। कंपनी के मुताबिक, यह बताता है कि शरीर खुद को ठंडा रखने के लिए कितनी मेहनत कर रहा है। दीपिंदर गोयल ने इस तकनीक को अपनी Gravity Ageing Hypothesis से भी जोड़ा है। इस परिकल्पना के अनुसार, गुरुत्वाकर्षण का लंबे समय तक शरीर पर पड़ने वाला असर रक्त संचार को प्रभावित कर सकता है और इसका संबंध खासतौर पर दिमाग की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया से हो सकता है।
सबसे बड़ा सवाल: क्या कनपटी पर लगा सेंसर दिमाग का ब्लड फ्लो माप सकता है?
Temple को लेकर विवाद की सबसे बड़ी वजह यही है। डॉक्टरों का सवाल है कि त्वचा के संपर्क में रहने वाला एक छोटा सेंसर आखिर दिमाग के अंदर रक्त के प्रवाह में होने वाले बदलावों को कितनी सटीकता से माप सकता है। दरअसल, चेहरे या त्वचा की सतह के पास होने वाले रक्त प्रवाह को मापना और दिमाग के अंदर रक्त संचार को मापना दो अलग-अलग बातें हैं। कनपटी के पास सेंसर को ब्लड फ्लो में कोई बदलाव महसूस हो सकता है, लेकिन इससे यह अपने आप साबित नहीं होता कि वह दिमाग में होने वाले रक्त प्रवाह को ही माप रहा है।
यही वजह है कि मेडिकल एक्सपर्ट्स कंपनी से स्वतंत्र और भरोसेमंद वैज्ञानिक प्रमाण मांग रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक यह स्पष्ट नहीं होता कि डिवाइस वास्तव में क्या माप रहा है, तब तक इसके आंकड़ों को स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी के रूप में भरोसेमंद नहीं माना जा सकता।
दीपिंदर गोयल ने बताया, Temple बनाने में लगाए 30 मिलियन डॉलर
डॉक्टरों की आलोचना के बाद दीपिंदर गोयल ने X पर एक लंबी पोस्ट लिखकर Temple का बचाव किया। उन्होंने बताया कि इस डिवाइस को विकसित करने में करीब 30 मिलियन डॉलर यानी लगभग 250 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें से 20 मिलियन डॉलर यानी करीब 165 करोड़ रुपये उन्होंने अपनी जेब से लगाए हैं।
गोयल ने यह भी कहा कि Temple कोई पैसा कमाने का सामान्य बिजनेस प्रोजेक्ट नहीं है। उन्होंने Eternal के CEO पद से हटने के फैसले को भी इसी प्रोजेक्ट से जोड़ा। उनके मुताबिक, उन्होंने Temple पर काम करने और अपने बड़े उद्देश्य को पूरा करने के लिए CEO की जिम्मेदारी छोड़ी है। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह प्रोजेक्ट पैसे से ज्यादा उद्देश्य से जुड़ा है।
गोयल ने डिवाइस की 14 दिन की रिटर्न पॉलिसी का भी जिक्र किया। इसके तहत ग्राहक बिना कोई वजह बताए 14 दिनों के अंदर उत्पाद वापस कर सकते हैं। उनका तर्क है कि अगर डिवाइस अपने दावों पर खरा नहीं उतरता है तो ग्राहक उसे लौटा सकते हैं। ऐसे में कंपनी को भी अपने उत्पाद की गुणवत्ता साबित करनी होगी।
WHOOP का उदाहरण देकर रिसर्च का किया बचाव
Temple की वैज्ञानिक जांच को लेकर उठ रहे सवालों पर गोयल ने दूसरी वियरेबल कंपनियों का उदाहरण भी दिया। उन्होंने WHOOP का जिक्र करते हुए कहा कि इस कंपनी ने 2015 में अपना फिटनेस बैंड बाजार में उतारना शुरू किया था, जबकि इसके वैज्ञानिक सत्यापन से जुड़े शुरुआती शोध कई साल बाद प्रकाशित हुए।
गोयल का कहना है कि Temple के मामले में कंपनी वैज्ञानिक जांच के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि रिसर्च से जुड़े प्रीप्रिंट जल्द प्रकाशित किए जाएंगे। प्रीप्रिंट ऐसे शोधपत्र होते हैं, जिन्हें वैज्ञानिक समीक्षा यानी पीयर रिव्यू की प्रक्रिया पूरी होने से पहले सार्वजनिक कर दिया जाता है, ताकि दूसरे शोधकर्ता भी उन्हें देख और जांच सकें।
हालांकि, यहां यह समझना जरूरी है कि प्रीप्रिंट प्रकाशित होने का मतलब किसी तकनीक का वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित होना नहीं है। इसके लिए स्वतंत्र शोध, परीक्षण और विशेषज्ञों की समीक्षा जरूरी होती है। WHOOP जैसी दूसरी कंपनियों का उदाहरण देने से भी Temple के दावों की सटीकता अपने आप साबित नहीं होती।
स्मार्टवॉच और रिंग में PPG सेंसर का इस्तेमाल
गोयल ने कहा है कि टेंपल में PPG का इस्तेमाल किया गया है जिसका पूरा नाम Photoplethysmography (फोटोप्लेथिस्मोग्राफी) है। यह एक Optical Sensor Technology है, यानी ऐसी तकनीक जिसमें रोशनी की मदद से त्वचा के नीचे रक्त की मात्रा (Blood Volume) में होने वाले बदलावों को मापा जाता है। सरल भाषा में कहें तो PPG सेंसर त्वचा पर रोशनी डालता है और वापस आने वाली रोशनी को पढ़ता है।
PPG सेंसर
रक्त का प्रवाह बदलने पर रोशनी के अवशोषण और परावर्तन में बदलाव आता है। इसी बदलाव को सेंसर रिकॉर्ड करता है। Temple में भी PPG तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। फर्क यह है कि स्मार्टवॉच में सेंसर कलाई पर होता है, जबकि Temple में इसे सिर के कनपटी वाले हिस्से पर लगाया जाता है।
PPG सेंसर कैसे काम करता है?
- सेंसर त्वचा पर LED लाइट डालता है।
- त्वचा के नीचे मौजूद रक्त में हीमोग्लोबिन इस रोशनी को अलग-अलग मात्रा में अवशोषित करता है।
- सेंसर वापस लौटने वाली रोशनी को रिकॉर्ड करता है।
- सॉफ्टवेयर इन बदलावों का विश्लेषण करके हार्ट रेट और दूसरे फिजियोलॉजिकल संकेतों का अनुमान लगाता है।
- यही तकनीक स्मार्टवॉच, फिटनेस बैंड और पल्स ऑक्सीमीटर में भी इस्तेमाल होती है।
विवाद कहां है?
कनपटी पर PPG सेंसर लगाने से वहां की त्वचा और सतही रक्त वाहिकाओं (Scalp Blood Vessels) के संकेत मिल सकते हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या इन संकेतों से वास्तव में मस्तिष्क के अंदर होने वाले रक्त प्रवाह (Cerebral Blood Flow) का विश्वसनीय आकलन किया जा सकता है? डॉक्टरों की आपत्ति भी इसी बात पर है। उनका कहना है कि सिर की त्वचा में रक्त प्रवाह और मस्तिष्क में रक्त प्रवाह एक ही चीज नहीं हैं।
दूसरा विवाद कंपनी के स्टडी सैंपल को लेकर है। सितंबर में कंपनी ने एक डेटा जारी किया था जो कि कंपनी की खुद ही स्टडी है जिसमें सिर्फ 23 लोग शामिल थे। ऐसे में यह अपने आप में बहुत ही कम है। साथ ही अभी तक Temple पर कोई स्वतंत्र शोध नहीं किया गया है।
The Liver Doc ने क्यों बताया इसे हेल्थ स्कैम?
Temple की सबसे मुखर आलोचना हेपेटोलॉजिस्ट डॉ. साइरिएक एबी फिलिप्स ने की है। सोशल मीडिया पर The Liver Doc के नाम से चर्चित डॉ. फिलिप्स ने डिवाइस के मुख्य दावे पर ही सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि Temple का सेंसर दिमाग के अंदर होने वाले ब्लड फ्लो को मापने के बजाय चेहरे की त्वचा के पास रक्त प्रवाह और फ्लशिंग को रिकॉर्ड कर सकता है।
उन्होंने पहले इसे भारत का सबसे बड़ा हेल्थ स्कैम और वेलनेस फ्रॉड तक बताया था। डॉक्टर ने यह भी सवाल उठाया कि जब कंपनी के पास अपने दावों के समर्थन में ठोस क्लिनिकल सबूत नहीं हैं, तो ग्राहकों से प्री-ऑर्डर क्यों लिए जा रहे हैं।
गोयल के जवाब के बाद भी डॉ. फिलिप्स की राय नहीं बदली। उन्होंने फिर कहा कि डिवाइस इंसानों के चेहरे के पास होने वाले ब्लड फ्लो और फ्लशिंग को ही माप सकता है, इसका दिमाग से कोई संबंध साबित नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी सवाल किया कि अगर Temple अपने मुख्य विज्ञापित काम को साबित नहीं कर पाता, तो इसकी कीमत चुकाकर इसे खरीदना कितना सही होगा।
Temple को लेकर उपज रहे सवालों पर टाइम्सनाउ नवभारत ने बत्रा हॉस्पिटल के न्यूरोलॉजी एवं इंटरवेंशनल न्यूरोरेडियोलॉजी के डायरेक्टर डॉ. बिप्लब दास से बात की।
Dr Biplab Das
1. क्या कनपटी पर लगाया गया कोई डिवाइस व्यक्ति की पूरी सेहत को ट्रैक कर सकता है?
डॉ. बिप्लब दास: कनपटी वाले हिस्से में रक्त वाहिकाएं मौजूद होती हैं और यह मस्तिष्क की महत्वपूर्ण न्यूरोलॉजिकल संरचनाओं के करीब है। इसलिए यह कुछ शारीरिक संकेतों को मापने के लिए एक संभावित स्थान हो सकता है, हालांकि कुछ स्वास्थ्य संबंधी पैरामीटर्स को ट्रैक करने का मतलब यह नहीं है कि कोई डिवाइस व्यक्ति की संपूर्ण स्वास्थ्य स्थिति का आकलन कर सकता है। इस तरह के दावों के लिए मजबूत वैज्ञानिक प्रमाण और क्लीनिकल वैलिडेशन जरूरी है।
2. क्या स्वतंत्र क्लीनिकल वैलिडेशन के बिना ऐसे डिवाइस पर उपभोक्ताओं को भरोसा करना चाहिए?
डॉ. बिप्लब दास: उपभोक्ताओं को ऐसे डिवाइस के इस्तेमाल में सावधानी बरतनी चाहिए। स्वास्थ्य से जुड़े किसी भी वियरेबल डिवाइस को अपनी सटीकता, विश्वसनीयता और बार-बार एक जैसे परिणाम देने की क्षमता स्वतंत्र क्लीनिकल अध्ययनों के जरिए साबित करनी चाहिए। केवल मार्केटिंग के दावे किसी डिवाइस की मेडिकल विश्वसनीयता स्थापित नहीं कर सकते।
3. क्या गलत रीडिंग लोगों को गुमराह कर सकती है या बीमारी की पहचान में देरी कर सकती है?
डॉ. बिप्लब दास: हां, गलत रीडिंग लोगों को झूठा भरोसा दे सकती है या अनावश्यक चिंता पैदा कर सकती है। अगर लोग वियरेबल डिवाइस से मिलने वाले डेटा पर जरूरत से ज्यादा भरोसा करने लगें, तो वे बीमारी के वास्तविक लक्षणों को नजरअंदाज कर सकते हैं। ऐसे डिवाइस कभी भी डॉक्टर से परामर्श या स्थापित मेडिकल जांच का विकल्प नहीं होने चाहिए।
4. क्या Temple वास्तव में मेडिकल टेक्नोलॉजी में इनोवेशन है या सिर्फ मार्केटिंग का एक तरीका?
डॉ. बिप्लब दास: इसकी तकनीक और स्वतंत्र क्लीनिकल वैलिडेशन के आंकड़ों की जांच किए बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। वियरेबल हेल्थ टेक्नोलॉजी में काफी संभावनाएं हैं, लेकिन पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण के बिना किसी सामान्य उपभोक्ता डिवाइस को क्लीनिकली विश्वसनीय मेडिकल डिवाइस के रूप में पेश नहीं किया जाना चाहिए। मरीजों की सुरक्षा और मेडिकल सटीकता हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
