High Electricity Bill: गर्मियों में घर का बिजली बिल बढ़ने की सबसे बड़ी वजह अक्सर एयर कंडीशनर को माना जाता है। लंबे समय तक AC चलने से बिजली की खपत बढ़ना स्वाभाविक है। लेकिन अगर AC का इस्तेमाल कम करने या पूरी तरह बंद करने के बाद भी बिजली का बिल ज्यादा आ रहा है, तो घर के दूसरे इलेक्ट्रिक उपकरणों पर भी ध्यान देना जरूरी हो जाता है। कई बार रोजाना इस्तेमाल होने वाले छोटे-बड़े उपकरण लंबे समय तक बिजली की खपत बढ़ाते रहते हैं-
इन उपकरणों को की करें जांच
फ्रिज
बिजली का बिल बढ़ रहा है तो सबसे पहले फ्रिज को चेक करें। फ्रिज आमतौर पर 24 घंटे चालू रहता है, इसलिए इसकी बिजली खपत का असर पूरे महीने के बिल पर पड़ सकता है। अगर फ्रिज पुराना है, उसकी रबर सील ढीली हो गई है या दरवाजा ठीक से बंद नहीं होता तो कंप्रेसर को ज्यादा देर तक चलना पड़ सकता है। इससे बिजली की खपत बढ़ सकती है। फ्रिज के पीछे धूल जमा होने पर भी उसकी कूलिंग एफिशिएंसी प्रभावित हो सकती है।
गीजर
इलेक्ट्रिसिटी बिल बढ़ने को लेकर घर का गीजर भी चेक किया जाना जरूरी है। गर्म पानी की जरूरत न होने पर भी अगर गीजर का स्विच ऑन रहता है, तो यह अतिरिक्त बिजली खर्च करता है। खासकर अगर घर में लंबे समय तक गीजर ऑन रहता है तो इस आदत को बदले जाने की जरूरत है। इस्तेमाल के बाद गीजर का स्विच बंद कर दें और जरूरत के हिसाब से ही इसे चलाएं।
घर के पंखे
पंखे भी बिजली की खपत का एक कारण हो सकते हैं। घर में कई पंखे अगर लंबे समय तक चलते हैं, तो महीने की कुल खपत बढ़ सकती है। पुराने पंखों की तुलना में एनर्जी-एफिशिएंट बीएलडीसी पंखे कम बिजली में काम कर सकते हैं। इसलिए ज्यादा इस्तेमाल वाले पंखों की स्थिति और बिजली खपत पर ध्यान देना फायदेमंद हो सकता है।
छोटे उपकरण
इसके अलावा वॉशिंग मशीन, माइक्रोवेव, इलेक्ट्रिक केटल, इंडक्शन और वॉटर पंप जैसे उपकरणों का इस्तेमाल भी बिल को प्रभावित कर सकता है। खासतौर पर हाई-पावर वाले उपकरणों को जरूरत से ज्यादा समय तक चलाने से खपत बढ़ सकती है।
टीवी, कंप्यूटर, चार्जर
टीवी, सेट-टॉप बॉक्स, कंप्यूटर और चार्जर जैसे उपकरणों को सिर्फ रिमोट से बंद कर छोड़ देना भी अच्छी आदत नहीं है। कुछ डिवाइस स्टैंडबाय मोड में थोड़ी बिजली लेते रह सकते हैं। इसलिए लंबे समय तक इस्तेमाल न होने पर स्विच बोर्ड से पावर बंद करना बेहतर है।
