Electronics Manufacturing Cluster: भारत सरकार ने उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में 417 करोड़ रुपये की लागत से एक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्लस्टर (EMC) की स्थापना को मंजूरी दे दी है। यह जानकारी बुधवार को एक आधिकारिक बयान में दी गई।
विभिन्न क्षेत्रों में विनिर्माण को मिलेगा बढ़ावा
यह क्लस्टर प्रमुख रूप से उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोटिव और इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रॉनिक्स, मेडिकल डिवाइसेज़, कंप्यूटर हार्डवेयर और कम्युनिकेशन इक्विपमेंट जैसे क्षेत्रों में उत्पादन को बढ़ावा देगा।
स्टार्टअप्स और MSMEs को मिलेगा बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर
इस क्लस्टर में स्टार्टअप्स और MSMEs के लिए प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर, शेयर्ड फैसिलिटीज जैसे कि मानक फैक्टरी शेड, बिजली-पानी, सीवेज ट्रीटमेंट, आवास, कौशल विकास केंद्र, और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बनेगा वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर, मिलेंगी 15,000 नौकरियां
केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस प्रोजेक्ट से विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास होगा और करीब 15,000 नई नौकरियां सृजित होंगी।
रणनीतिक लोकेशन: एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट के पास
यह EMC यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और आगामी पलवल-खुर्जा एक्सप्रेसवे के पास स्थित होगा। यह जगह जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और प्रमुख रेलवे स्टेशनों से भी अच्छी तरह जुड़ी होगी।
औद्योगिक विकास का केंद्र बनेगा क्लस्टर
यह विनिर्माण क्लस्टर मेडिकल डिवाइस पार्क, एमएसएमई और अपैरल पार्क, और एविएशन हब जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों से घिरा होगा, जिससे सिनर्जी का लाभ मिलेगा।
2,500 करोड़ का संभावित निवेश, YEIDA करेगा विकास
यह EMC 200 एकड़ क्षेत्र में फैला होगा और इसमें लगभग 2,500 करोड़ रुपये का निजी निवेश आने की संभावना है। इसका विकास यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) द्वारा किया जाएगा।
देश में अब तक 22 EMCs पर कार्य जारी
बयान के अनुसार, देशभर में 22 इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्लस्टर्स पर कार्य चल रहा है, जिनमें 520 कंपनियों से निवेश प्राप्त हुआ है और 86,000 से अधिक नौकरियां पैदा हुई हैं।
30,000 करोड़ रुपये का कुल निवेश EMC योजना के तहत
EMC 2.0 योजना के तहत अब तक कुल लगभग 30,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है, जो भारत को इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। (इनपुट भाषा)
