Google Safety Charter: भारत की डिजिटल क्रांति को और सुरक्षित बनाने के लिए गूगल ने दिल्ली में आयोजित "Safer with Google India Summit" में Safety Charter को लॉन्च किया। यह चार्टर देश की AI-प्रेरित डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन को सुरक्षित, जिम्मेदार और समावेशी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। गूगल ने बताया कि यह चार्टर तीन मुख्य स्तंभों पर आधारित है-ऑनलाइन फ्रॉड से यूजर्स की सुरक्षा, साइबर सिक्योरिटी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना, और जिम्मेदार तरीके से AI का विकास करना।
Digikavach और AI पावर्ड प्रोटेक्शन से करोड़ों भारतीयों को मिली सुरक्षा
गूगल ने कहा कि Digikavach प्रोग्राम के तहत अब तक 17.7 करोड़ से अधिक भारतीयों तक AI-आधारित सुरक्षा और जागरूकता पहुंचाई है। गूगल प्ले प्रोटेक्ट (Google Play Protect) ने अक्टूबर 2024 से अब तक 6 करोड़ खतरनाक ऐप इंस्टॉलेशन को रोका है। गूगल प्ले ने 4.1 करोड़ धोखाधड़ी लेनदेन अलर्ट जारी किए हैं, जिससे ₹13,000 करोड़ की संभावित वित्तीय धोखाधड़ी रोकी गई।
कंपनी ने कहा कि गूगल मैसेज हर महीने 500 मिलियन से अधिक स्कैम मैसेज ब्लॉक कर रहा है, जबकि Gmail 2.5 अरब इनबॉक्स को 99.9% स्पैम, फिशिंग और मैलवेयर से सुरक्षित रखता है। वहीं, Search में स्कैम पेज पहचान 20 गुना तेज हुई है और सरकारी व ग्राहक सेवा साइट्स पर इम्पर्सोनेशन अटैक में 70-80% की गिरावट आई है।
AI और साइबर सिक्योरिटी में भारत के साथ ग्लोबल सहयोग
गूगल ने IIT मद्रास के साथ Post-Quantum Cryptography पर सहयोग की घोषणा की है, जिससे भविष्य की सुरक्षित और प्राइवेसी-फर्स्ट डिजिटल तकनीक तैयार की जा सकेगी। साथ ही Google.org ने Asia Foundation को 20 मिलियन डॉलर की सहायता दी है, जिससे एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में 10 से अधिक नए साइबर क्लिनिक खोले जाएंगे।
AI से मिलेगी सुरक्षा की नई ताकत
DeepMind और गूगल की Project Zero टीम ने पहली बार AI का इस्तेमाल कर SQLite जैसे पॉपुलर सॉफ़्टवेयर में अनजान खामियां खोजी हैं, जो सुरक्षा में AI की असाधारण क्षमता को दर्शाता है। गूगल अब इन खतरों को पहले पहचान कर समाधान दे पा रहा है-इससे सुरक्षा और डिफेंस की दुनिया में बड़ा बदलाव आ रहा है।
AI को जिम्मेदारी से विकसित करने की पहल
गूगल अपने AI सिस्टम को जिम्मेदार प्रिंसिपल्स के साथ विकसित कर रहा है, जहां हर स्तर पर जोखिम मूल्यांकन और समाधान की प्रक्रिया अपनाई जाती है। SynthID की मदद से अब तक 10 अरब से अधिक AI-जनित कंटेंट को डिजिटल वॉटरमार्क मिल चुका है, जो फेक कंटेंट से बचाव में सहायक है। IndicGenBench और Gemini Language Testing के जरिए गूगल 29 भारतीय भाषाओं में AI को सटीक और समावेशी बना रहा है।
साझेदारी से होगी सामूहिक साइबर सुरक्षा
गूगल ने भारतीय एजेंसियों जैसे DOT, गृह मंत्रालय और SEBI के साथ मिलकर साइबर सुरक्षा की दिशा में इंटेलिजेंस साझा करने और धोखाधड़ी रिपोर्टिंग को तेज करने के लिए साझा पहल की है। गूगल का मानना है कि भारत की डिजिटल प्रगति को टिकाऊ और सुरक्षित बनाने के लिए साझेदारी जरूरी है।
