उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कांवड़ियों की भीड़ दो युवकों के साथ मारपीट करती नजर आ रही है। दावा किया जा रहा है कि कांवड़ियों ने दोनों को पुलिस जीप से बाहर निकालकर पीटा। हालांकि पुलिस ने घटना को कांवड़ियों के दो समूहों के बीच हुए आपसी विवाद का मामला बताया है।
वीडियो में मारपीट का दावा
यह घटना दौराला थाना क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-58 (दिल्ली-देहरादून हाईवे) की है। वायरल वीडियो में कुछ लोग दो युवकों को पीटते हुए नजर आ रहे हैं। भीड़ के बीच एक पुलिसकर्मी भी दिखाई देता है, जो स्थिति को काबू करने की कोशिश करता हुआ दिख रहा है। भीड़ के द्वारा पीटे गए दोनों युवकों के कपड़े भी फटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि एक युवक जान बचाने के लिए खेत की ओर भागता है, लेकिन कुछ लोग उसका पीछा कर वहां भी उसे डंडों से पीटते हैं।
पुलिस ने बताई पूरी घटना
मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि 2 और 3 अगस्त की रात एक मोटरसाइकिल से एक कांवड़ियां जल लेने जा रहा था। लेकिन रास्ते में उसकी टक्कर हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे दूसरे कांवड़िये से हो गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई शुरू हो गई। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही दौराला पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर उनका मेडिकल टेस्ट कराया गया।
किसी पक्ष ने नहीं दी शिकायत
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों को समझाने के बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल इलाके में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं, जबकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की वास्तविकता आपसी टक्कर के बाद हुए विवाद से जुड़ी है।
