Google Doodle on Nowruz 2023: गूगल ने मंगलवार (21 मार्च, 2023) को अपने सर्च इंजन के होम पेज पर खास डूडल बनाया, जो कि नावरज (Nowruz) पर समर्पित था। अमेरिकी टेक कंपनी ने इस दौरान डूडल में फूल-पत्तियों और उनके इर्द-गिर्द मंडराने वाली मधुमक्खी का इस्तेमाल किया था। सिंपल और सोबर से इस हरे-भरे डूडल पर क्लिक करने पर Nowruz जश्न से जुड़ा वह डेडिकेटेड पेज खुल कर आने लगा, जिस पर इससे जुड़ी खबरें, तस्वीरें और वीडियो आदि गूगल पर उपलब्ध थे। गूगल के डूडल पेज पर इस बात का भी जिक्र है कि यूनाइटेड नेशंस (यूएन) ने इस फेस्टिवल को इंटरनेशनल हॉलिडे घोषित कर रखा है, क्योंकि इसे दुनिया भर में लगभग 300 मिलियन लोग मनाते हैं।
नॉर्दर्न हेमिसफेयर (उत्तरी गोलार्ध) के लिए 20 मार्च-21 मार्च वसंत का पहला दिन होता है, पर दुनिया भर के 300 मिलियन लोगों के लिए यह नए तारीख न्यू ईयर की शुरुआत भी मानी जाती है। Nowruz का मतलब "नया दिन" होता है। ईरान और पर्शियन डायसपोरा में यह त्यौहार लगभग 3000 साल से मनाया जा रहा है और इसकी जड़े Zoroastrianism (वह धर्म, जो प्राचीन पर्शिया में अस्तित्व में था, जो वसंत को अंधकार पर जीत के तौर पर देखा करता था) से ताल्लुक रखती हैं।
दरअसल, नावरज यानी Nowruz का मतलब ईरानी या फिर पर्शियन न्यू ईयर होता है, जिसे दुनियाभर में रहने वाली जातियां धूम-धाम से मनाती हैं। यह त्यौहार ईरानी सोलर हिजरी कैलेंडर पर आधारित है। ईरान के सोलर हिजरी कैलेंडर के हिसाब से वहां के नए साल के आगाज के साथ यह जश्न दो हफ्ते तक मनाया जाता है, जिसमें चार सार्वजनिक छुट्टियां भी रहती हैं। ये अवकाश पहले दिन से लेकर चौथे दिन तक पड़ते हैं। आम तौर परईरानी कैलेंडर का पहला महीना 21 मार्च से चालू होता है।
रोचक बात है कि इस त्यौहार के दौरान कुछ लोग अपने घरों पर अंडों (Eggs) को सजाते हैं। वे ऐसा नए जीवन के सम्मान के लिए करते हैं। यही नहीं, वे "नई शुरुआत" के लिए अपने घरों को भी सजाते हैं और इस दौरान खास पकवान और सामान बनाते हैं, जिसमें वसंत से जुड़ी सब्जियां और अन्य चीजें शामिल होती हैं। वैसे, गूगल के डूडल अस्थाई होते हैं और यह समय दर समय बदलते रहते हैं। अमेरिकी सर्च इंजन के होम पेज पर यह अहम तारीख, बड़े घटनाक्रमों और नामी महान शख्सियतों से जुड़े इवेंट्स पर आधारित रहते हैं।
