CES 2026: अब सेल्फी खोलेगी सेहत का राज, लॉन्च हुआ अनोखा 'शीशा'
- Authored by: Pradeep Pandey
- Updated Jan 7, 2026, 03:26 PM IST
Longevity Mirror में Transdermal Optical Imaging तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यह तकनीक चेहरे पर बहने वाले खून के बेहद हल्के बदलावों को पकड़ती है, जो सामान्य आंखों से दिखाई नहीं देते। इसके बाद कंप्यूटर विजन और AI मॉडल इन संकेतों का विश्लेषण करते हैं।
Longevity Mirror Launched at CES 2026/Photo- longevity.technology
CES 2026 में NuraLogix ने एक अनोखा होम वेलनेस डिवाइस Longevity Mirror लॉन्च किया है। यह स्मार्ट मिरर सिर्फ 30 सेकंड की सेल्फी स्कैन के जरिए यूजर की लंबी अवधि की सेहत से जुड़े संकेत देने का दावा करता है। खास बात यह है कि इसमें न तो किसी स्मार्टवॉच की जरूरत है और न ही किसी सेंसर या मैन्युअल माप की यानी आप सेल्फी के जरिए अपनी सेहत का हाल जान सकते हैं।
कैसे करता है काम Longevity Mirror
यह डिवाइस देखने में एक फुल-साइज शीशे जैसा है, जिसमें कैमरा और प्रोसेसिंग सिस्टम पहले से लगा होता है। यूजर को बस इसके सामने 30 सेकंड तक बैठना या खड़ा होना होता है। इस दौरान मिरर चेहरे का एक छोटा वीडियो रिकॉर्ड करता है, जिसके आधार पर सेहत से जुड़े कई संकेत तैयार किए जाते हैं।
किस टेक्नोलॉजी पर आधारित है सिस्टम
Longevity Mirror में Transdermal Optical Imaging तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यह तकनीक चेहरे पर बहने वाले खून के बेहद हल्के बदलावों को पकड़ती है, जो सामान्य आंखों से दिखाई नहीं देते। इसके बाद कंप्यूटर विजन और AI मॉडल इन संकेतों का विश्लेषण करते हैं।
किन हेल्थ संकेतों की मिलती है जानकारी
AI प्रोसेसिंग के बाद यूजर को कई अहम वेलनेस इंडिकेटर्स मिलते हैं। इनमें दिल की सेहत, मेटाबॉलिक बैलेंस, स्ट्रेस और रिकवरी, शरीर की वास्तविक उम्र (Physiological Age) और लाइफस्टाइल से जुड़े संभावित जोखिम शामिल हैं। यह डेटा तुरंत बीमारी बताने के बजाय लंबी अवधि के पैटर्न पर फोकस करता है।
Longevity Index: सेहत का स्कोर कार्ड
इस मिरर का सबसे खास फीचर है Longevity Index। यह 0 से 100 के बीच एक स्कोर देता है, जिसमें ज्यादा स्कोर बेहतर सेहत को दर्शाता है। इसके साथ ही यूज़र चाहें तो अलग-अलग पैरामीटर जैसे कार्डियोवैस्कुलर रिस्क, हार्ट हेल्थ, मेटाबॉलिक हेल्थ और मानसिक तनाव को भी अलग-अलग देख सकते हैं।
AI हेल्थ असिस्टेंट देगा आसान सलाह
Longevity Mirror में एक इन-बिल्ट AI Health Assistant भी दिया गया है, जो जटिल डेटा को आसान भाषा में समझाता है। यह नींद, तनाव, फिजिकल एक्टिविटी, डाइट और लाइफस्टाइल सुधारने के लिए उपयोगी सुझाव भी देता है।
एक मिरर, कई यूजर प्रोफाइल
यह डिवाइस एक साथ 6 यूजर प्रोफाइल को सपोर्ट करता है। हर यूजर का अलग डेटा और हिस्ट्री सेव रहती है, जिससे पूरे परिवार के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।
मेडिकल डिवाइस नहीं, वेलनेस टूल
कंपनी साफ तौर पर कहती है कि Longevity Mirror कोई मेडिकल डायग्नोस्टिक डिवाइस नहीं है। इसे सिर्फ एक वेलनेस टूल के तौर पर डिजाइन किया गया है, ताकि लोग अपनी आदतों और सेहत के बीच के रिश्ते को बेहतर तरीके से समझ सकें।
कीमत और सब्सक्रिप्शन डिटेल्स
Longevity Mirror की कीमत 899 डॉलर रखी गई है, जिसमें एक साल का सब्सक्रिप्शन शामिल है। इसके बाद हर साल 99 डॉलर का सब्सक्रिप्शन चार्ज देना होगा। भविष्य में कंपनी One Touch Health Concierge सर्विस भी शुरू करने की योजना बना रही है, जिसमें वीडियो कॉल के जरिए वेलनेस कोच और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट से सलाह मिल सकेगी। इसके लिए सालाना 399 डॉलर अतिरिक्त देने होंगे। NuraLogix का Longevity Mirror 2026 की पहली तिमाही में ग्राहकों तक पहुंचना शुरू होने की उम्मीद है।