टेक एंड गैजेट्स

मोबाइल यूजर्स की मौज: खत्म हुआ 28 दिन का चक्कर, पूरे 30 दिन चलेगा रीचार्ज, मिलेंगे सस्ते कॉलिंग प्लान्स भी!

Mobile Recharge Plan News: TRAI के नए नियम से अब मोबाइल प्लान पूरे 30 दिन चलेंगे, जिससे साल में 12 रीचार्ज होंगे। साथ ही, बिना डेटा वाले सिर्फ कॉलिंग और SMS के सस्ते विकल्प भी मिलेंगे।

Image

टेलीकॉम उपभोक्ताओं को बड़ी राहत: अब 28 नहीं 30 दिन का होगा प्लान, बिना डेटा वाले सस्ते रीचार्ज का भी विकल्प (तस्वीर-AI)

Mobile Recharge plan News: भारतीय टेलीकॉम ग्राहकों के लिए एक बेहद अच्छी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार और भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने देश के करोड़ों प्रीपेड मोबाइल उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए 'टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (13वां संशोधन) नियम, 2026' जारी कर दिए हैं। इस नए संशोधन का मुख्य उद्देश्य मोबाइल कंपनियों द्वारा दी जाने वाली रीचार्ज योजनाओं को अधिक पारदर्शी, उपभोक्ता-अनुकूल और किफायती बनाना है। नए नियमों के लागू होने के बाद अब मोबाइल उपभोक्ताओं को अपनी जरुरत और बजट के अनुसार रीचार्ज चुनने की अधिक आजादी मिलेगी।

अब साल में 13 नहीं, सिर्फ 12 बार कराना होगा रीचार्ज

पिछले काफी समय से टेलीकॉम कंपनियां आमतौर पर 28 दिनों की वैधता वाले प्लान पेश कर रही थीं। इसके कारण ग्राहकों को एक साल (365 दिन) में 12 की बजाय 13 बार रीचार्ज कराना पड़ता था, जिससे उन पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ता था। सरकार के इस नए नियम के तहत अब कंपनियों के लिए पूरे 30 दिन की स्पष्ट वैधता वाले रीचार्ज प्लान पेश करना अनिवार्य कर दिया गया है। इससे उपभोक्ताओं को हर महीने एक ही तारीख पर रीचार्ज करने की सुविधा मिलेगी और उन्हें साल में केवल 12 बार ही भुगतान करना होगा। इस कदम से आम उपभोक्ता के पैसों की सीधी बचत होगी।

  • 30 दिन वाले रिचार्ज प्लान, जिससे साल में 13 बार के बजाय 12 बार रिचार्ज करने की जरूरत होगी।
  • सिर्फ वॉइस और SMS वाले प्लान उन लोगों के लिए जिन्हें डेटा की जरुरत नहीं है।
  • कम बजट वाले ग्राहकों के लिए सही विकल्प, जिन्हें मुख्य रूप से बेसिक वॉइस कॉल की जरुरत होती है।

सिर्फ कॉलिंग और SMS वाले सस्ते प्लान होंगे शुरू

इस नीतिगत बदलाव का दूसरा सबसे बड़ा फायदा उन ग्राहकों को होगा जो इंटरनेट या डेटा का इस्तेमाल नहीं करते हैं। नए संशोधनों के अनुसार, टेलीकॉम कंपनियों को केवल 'वॉइस कॉल और SMS' वाले विशेष प्लान भी पेश करने होंगे। अब तक जिन उपभोक्ताओं को सिर्फ बात करने के लिए फोन की जरुरत होती थी, उन्हें भी मजबूरी में डेटा वाले महंगे प्लान लेने पड़ते थे। अब बुजुर्गों, ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों और कम बजट वाले उपभोक्ताओं को ध्यान में रखते हुए यह विकल्प दिया गया है, ताकि वे बिना डेटा का अनावश्यक खर्च उठाए सिर्फ बेसिक कॉलिंग के लिए किफायती रीचार्ज चुन सकें।

संसद में उठी आवाज और TRAI का फैसला

इस जनहित याचिका और नीतिगत बदलाव के पीछे लंबे समय से चली आ रही आम जनता की शिकायतें थीं। संसद सदस्य राघव चड्ढा ने 11 मार्च को संसद में ग्राहकों की इन समस्याओं और सीमित रीचार्ज विकल्पों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने उपभोक्ताओं के लिए अधिक किफायती और लचीले विकल्पों की मांग की थी। नियमों में हुए इस ऐतिहासिक बदलाव के बाद उन्होंने भारत सरकार और TRAI का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला आम जनता के हितों, उनकी सुविधा और सही चुनाव के अधिकार को ध्यान में रखकर लिया गया एक बेहद सराहनीय कदम है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article