शहर

गुरुग्राम में बड़ा हादसा, केमिकल टैंक में गैस की चपेट में आने से तीन कर्मचारियों की मौत

गुरुग्राम के जेल रोड स्थित कंपनी में बुधवार को रसायन टैंक में गिरने और जहरीली गैसों के संपर्क में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस हादसे और सुरक्षा इंतजामों की जांच कर रही है।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

Gurugram Tank Accident: हरियाणा के गुरुग्राम में जेल रोड स्थित संधार कंपनी में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां काम करने के दौरान तीन मजदूर कथित तौर पर रसायन टैंक में गिरने के बाद बेहोश हो गए। तीनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

जहरीली गैस की चपेट में आए तीनों कर्मचारी

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान गुरुग्राम निवासी नरेश कुमार (50) और बिहार के रहने वाले आरिफ (21) तथा अनिल झा (20) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, घटना दोपहर के आसपास हुई, जब तीन कर्मचारी संधार कंपनी के परिसर में काम कर रहे थे। उसने बताया कि तीनों कर्मचारी कथित तौर पर एक रसायन टैंक में गिर गए। टैंक में मौजूद जहरीली गैस के संपर्क में आने के कुछ ही सेकेंड बाद तीनों की हालत बिगड़ गई और वे अंदर ही बेहोश होकर गिर पड़े।

कंपनी में सुरक्षा इंतजामों के बिना काम कराने का आरोप

घटना के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों को टैंक से बाहर निकालकर तुरंत बादशाहपुर स्थित एकता अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया और बेहतर इलाज के लिए पार्क अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। भोंडसी पुलिस थाने की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार,कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी प्रबंधन ने सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए बिना कर्मचारियों से टैंक में काम करवाया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। शिकायत के आधार पर भौंडसी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा इंतजामों में क्या कमी थी, इसकी जांच की जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article