WhatsApp एक नए फीचर पर काम कर रहा है। इस फीचर के आने से वॉट्सऐप यूजर्स किसी ग्रुप को साइलेंट तरीके से एग्जिट कर पाएंगे। यानी ग्रुप छोड़ने पर किसी को इसकी जानकारी नहीं होगी। ये जानकारी एक रिपोर्ट से मिली है। अगर ये फीचर वॉट्सऐप के स्टेबल वर्जन तक पहुंच जाता है तो आपको उन वॉट्सऐप ग्रुप से आखिरकार छुटकारा मिल जाएगा, जिसे आप ग्रुप मेंबर्स को पता चल जाने के डर से छोड़ नहीं पा रहे थे। लेकिन, गौर करने वाली बात ये है कि एडमिन्स को आपके ग्रुप छोड़ने की जानकारी हो जाएगी।
पॉपुलर WhatsApp ट्रैकर WabetaInfo ने इस फीचर के बारे में सबसे पहले जानकारी दी है। फिलहाल ऐसा है कि जब भी आप कोई वॉट्सऐप छोड़ते हैं तो सभी ग्रुप मेंबर्स को ये दिखाई देता है कि आपने ग्रुप को एग्जिट कर दिया है। लेकिन, इस अपकमिंग फीचर के बाद केवल इसकी जानकारी एडमिन को होगी।
फिलहाल वॉट्सऐप ग्रुप एग्जिट अलर्ट फीचर पर काम चल रहा है। इस फीचर को टेस्टिंग पूरी होने जाने के बाद जारी किया जाएगा। उम्मीद है कि इस फीचर को सबसे पहले बीटा के लिए जारी किया जाएगा। इसके बाद ही इसे स्टेबल वर्जन में उतारा जाएगा।
वॉट्सऐप ने हाल ही में एक नया फीचर जारी किया था। इस नए फीचर के जरिए यूजर्स लास्ट सीन, प्रोफाइल पिक्चर और स्टेटस अपडेट्स को चुनिंदा लोगों के लिए हाइड कर सकते हैं। कंपनी ने कहा था कि ये फीचर लोगों की ऑनलाइन सेफ्टी के लिए पेश किया गया है। पहले लोगों को इसके लिए Everyone, My Contacts और Nobody वाले तीन ही ऑप्शन मिलते थे। अब लोगों को My Contacts except का ऑप्शन दे दिया गया है।
