रिचर्ड ब्रैनसन के अंतरिक्ष मिशन पर टिकी दुनिया की नजरें, जानें कैसे और कहां देखें LIVE

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 11, 2021, 12:59 PM IST

ब्रिटेन के अरबपति कारोबारी रिचर्ड ब्रैनसन अपनी टीम के साथ आज अंतरिक्ष की उड़ान पर रवाना होंगे। इस पर दुनियाभर की नजरें टिकी हैं। इसे यूट्यूब, फेसबुक, ट्विटर पर लाइव देखा जा सकेगा।

रिचर्ड ब्रैनसन के अंतरिक्ष मिशन पर टिकी दुनिया की नजरें, जानें कैसे और कहां देखें LIVE
Photo Credit: Twitter

नई दिल्‍ली : ब्रिटेन के अरबपति कारोबारी रिचर्ड ब्रैनसन छह लोगों की टीम के साथ 11 जुलाई यानि आज अंतरिक्ष की उड़ान पर निकलने वाले हैं। उनकी टीम में एरोनॉटिकल इंजीनियर शीरिषा बांदला भी हैं, जिनका जन्‍म आंध्र प्रदेश के गुटूर में हुआ था। 34 साल की शीरिषा बांदला, कल्पना चावला और सुनीता विलियम्स के बाद अंतरिक्ष में जाने वाली भारतीय मूल की तीसरी महिला होंगी।

इतिहास रचेंगे ब्रैनसन!

इस अंतरिक्ष मिशन में रिचर्ड ब्रैनसन सहित छह लोग होंगे, जो वर्जिन गैलेक्टिक के अंतरिक्षयान 'यूनिटी 22' से उड़ान भरेंगे। इसकी लॉन्चिंग न्‍यू मेक्सिको स्थित स्‍पेसपोर्ट अमेरिका से होगी। अगर यह मिशन सफल होता है तो रिचर्ड ब्रैनसन अंतरिक्ष में पहुंचने वाले पहले अरबपति होंगे। ब्रिटिश कारोबारी के इस अंतरिक्ष मिशन में शीरिषा बांदला चौथे नंबर की अंतरिक्ष यात्री होंगी और उनकी भूमिका 'रिसर्चर एक्सपीरियंस' की होगी।

कैसा रहेगा मौसम?

रिचर्ड ब्रैनसन के इस अंतरिक्ष मिशन पर दुनियाभर की नजरें टिकी हैं। हालांकि यह बहुप्रतीक्षित व बहुचर्चित उड़ान किस वक्‍त होगी, इस बारे में ठीक-ठीक समय का खुलासा अभी नहीं हुआ है। यह बहुत कुछ मौसम की परिस्थितियों पर भी निर्भर होगा। फिलहाल जो जानकारी सामने आ रही है, उसके मुताबिक, उस वर्जिन गैलेक्टिक के 'यूनिटी 22' उड़ान के लिए मौसम किसी तरह की रुकावट नहीं बनेगा।

कहां और कब देखें लाइव?

वर्जिन गैलेक्टिक के इस अंतरिक्ष मिशन और उड़ान का सीधा प्रसारण भी होगा, जिसे आप घर बैठे देख सकेंगे। Virgin Galactic के यूट्यूब चैनल पर स्‍थानीय समयानुसार सुबह 9 बजे से इसकी लाइव स्‍ट्रीमिंग शुरू होने की जानकारी दी गई है। भारतीय समयानुसार यह शाम 6:30 बजे का वक्‍त होगा। इसे Virgin Galactic की वेबसाइट और Twitter हैंडल तथा Facebook अकाउंट पर भी देखा जा सकेगा।

End of Article