केरल बना देश का पहला राज्य जिसके पास अब खुद का इंटरनेट, BPL परिवारों को मिलेगा फ्री कनेक्शन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 15, 2022, 12:18 PM IST

केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने गुरुवार को ये ऐलान किया कि केरल देश का पहला और एकलौता राज्य बन गया है जिसके पास खुद की इंटरनेट सर्विस है। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री ने 14 जुलाई को ट्वीट के जरिए दी।

केरल बना देश का पहला राज्य जिसके पास अब खुद का इंटरनेट, BPL परिवारों को मिलेगा फ्री कनेक्शन

केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने गुरुवार को ये ऐलान किया कि केरल देश का पहला और एकलौता राज्य बन गया है जिसके पास खुद की इंटरनेट सर्विस है। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री ने 14 जुलाई को ट्वीट के जरिए दी। ऐसा इसलिए संभव हो सका क्योंकि, केरल फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क लिमिटेड (KFON) को टेलिकॉम डिपार्टमेंट से इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर लाइसेंस मिल गया है। 

केरल फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क लिमिटेड को लाइसेंस मिलने के बाद राज्य के कोने-कोने तक इंटरनेट पहुंच सकेगा। यानी हर गांव और कस्बे तक इंटरनेट जा सकेगा। आपको बता दें कि केरल फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क लिमिटेड, राज्य के कोने-कोने में इंटरनेट पहुंचाने के लिए सरकार की महत्वाकांक्षी आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर योजना का हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाइसेंस मिलने के बाद अब डिजिटल गैप को कम करने की योजना पर काम शुरू किया जा सकता है। 

आपको बता दें कि केरल फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क लिमिटेड पर लंबे समय से काम चल रहा था। साल 2019 में लगभग 1548 करोड़ की इस योजना को शुरू करने की बात हुई थी। कहा गया था कि इंटरनेट की पहुंच हर शख्स के पास होनी चाहिए। ये उनका मूलभूत अधिकार है। अब मुख्यमंत्री के ट्वीट में भी इस योजना के तहत लोगों का उनका मूलभूत अधिकार देने की ओर इशारा किया गया है। 

एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस योजना के तहत 20 लाख BPL परिवारों को फ्री इंटरनेट कनेक्शन दिया जाएगा। इतना ही नहीं राज्य के 30 हजार से ज्यादा सरकारी दफ्तरों और स्कूलों को भी इस योजना के तहत जोड़ा जाएगा। इस योजना से ट्रांसपोर्ट, मैनेजमेंट और आईटी सेक्टर को भी लाभ पहुंचेगा। 

End of Article