टेक एंड गैजेट्स

Apple ने iPhone 17 सीरीज की प्रोडक्शन 15% घटाई, जानें इसके पीछे की बड़ी वजह

सिर्फ Apple ही नहीं, बल्कि दूसरे स्मार्टफोन ब्रांड भी अपने शिपमेंट टारगेट घटा रहे हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि Xiaomi ने अपने शिपमेंट लक्ष्य में 20 से 30 प्रतिशत तक की कटौती की है।

Image

पिछले कुछ समय में कई सारी कंपनियों ने शिपमेंट में कमी की है। (फोटो क्रेडिट-iStock)

Apple की iPhone 17 सीरीज की मांग अब पहले जैसी मजबूत नहीं दिखाई दे रही है। इसी वजह से कंपनी ने इस सीरीज के प्रोडक्शन प्लान में करीब 15 प्रतिशत की कटौती करने का फैसला किया है। यह जानकारी चीन के पॉपुलर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Weibo पर टिप्स देने वाले Fixed Focus Digital ने सप्लाई चेन के सूत्रों के हवाले से दी है। रिपोर्ट के अनुसार, Apple को उम्मीद है कि आने वाले महीनों में iPhone 17 सीरीज की बिक्री पहले के अनुमान से कम रह सकती है। इसलिए कंपनी ने उत्पादन कम करने का फैसला किया है।

सिर्फ Apple ही नहीं, बल्कि दूसरे स्मार्टफोन ब्रांड भी अपने शिपमेंट टारगेट घटा रहे हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि Xiaomi ने अपने शिपमेंट लक्ष्य में 20 से 30 प्रतिशत तक की कटौती की है। Oppo, Vivo और Honor ने भी अपने स्मार्टफोन की सप्लाई का टारगेट 15 से 30 प्रतिशत तक कम कर दिया है।

पहली तिमाही में रहा शानदार प्रदर्शन

हालांकि, साल 2026 की पहली तिमाही (Q1) में Apple का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा था। Counterpoint Research की रिपोर्ट के मुताबिक, iPhone 17 दुनिया का सबसे ज्यादा बिकने वाला स्मार्टफोन रहा और इसकी हिस्सेदारी वैश्विक स्मार्टफोन शिपमेंट में 6 प्रतिशत रही। वहीं iPhone 17 Pro Max और iPhone 17 Pro दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

इसके अलावा, Trend Force की रिपोर्ट के अनुसार, 2026 की पहली तिमाही में Apple का कुल स्मार्टफोन प्रोडक्शन पिछले साल की तुलना में 19.7 प्रतिशत बढ़ा था। इसकी बड़ी वजह iPhone 17e की लॉन्चिंग और iPhone 17 सीरीज का बढ़ा हुआ उत्पादन बताया गया था।

कई सारे प्रोडक्ट की बढ़ी कीमतें

इस बीच, Apple ने हाल ही में Mac, iPad, Apple TV और Home Pod जैसे कई प्रोडक्ट्स की कीमतें बढ़ाई हैं। कंपनी का कहना है कि मेमोरी और स्टोरेज की बढ़ती लागत इसके पीछे की मुख्य वजह है। हालांकि, iPhone की कीमतों में अभी तक कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। अब माना जा रहा है कि Apple सितंबर 2026 में iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max लॉन्च कर सकती है, जबकि सामान्य iPhone 18 मॉडल की लॉन्चिंग 2027 में होने की संभावना है।
Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article