Airtel fraud detection solution: भारती एयरटेल ने एक नया सॉल्यूशन लॉन्च किया है जो रियल टाइम में ईमेल, ब्राउजर, ओटीटी और एसएमएस सहित सभी कम्युनिकेशन ओवर-द-टॉप (ओटीटी) ऐप्स और प्लेटफार्मों पर खतरनाक वेबसाइट्स का पता लगाता है और उन्हें ब्लॉक करता है। यह सर्विस वर्तमान में हरियाणा सर्किल में उपलब्ध है, जिसे जल्द ही पूरे देश में शुरू करने की योजना है।
यह कदम डिजिटल धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए महत्वपूर्ण है, जहां यूजर्स को एडवांस तकनीकों, दुर्भावनापूर्ण लिंक और नकली प्रोफाइल का लाभ उठाकर जालसाजों द्वारा ऑनलाइन फंसाया जाता है और धोखा दिया जाता है।
एयरटेल ने बयान में कहा, “स्पैम (अनचाहे कॉल, मैसेज) के खिलाफ अपनी लड़ाई को जारी रखते हुए कंपनी ने आज एक नया हाईटेक सॉल्यूशन पेश किया है, जो ईमेल, ब्राउजर, ओटीटी जैसे व्हाट्सएप, टेलीग्राम, फेसबुक, इंस्टाग्राम, एसएमएस आदि सहित सभी कम्युनिकेशन ‘ओवर-द-टॉप’ (ओटीटी) ऐप और प्लेटफार्म पर नुकसान पहुंचाने वाली वेबसाइट का पता लगाएगा और उन्हें तुरंत ब्लॉक करेगा।”
दूरसंचार कंपनी ने कहा कि यह सेवा बिना किसी अतिरिक्त लागत के सभी एयरटेल मोबाइल और ब्रॉडबैंड ग्राहकों के लिए एकीकृत और स्वतः सक्षम होगी। इसका अर्थ यह है कि जब कोई ग्राहक एयरटेल की एडवांस सिक्योरिटी सिस्टम द्वारा हानिकारक के रूप में चिह्नित किसी वेबसाइट तक पहुंचने का प्रयास करेगा, तो पेज लोड होना बंद हो जाएगा, और ग्राहकों को उस पेज पर पुनः निर्देशित किया जाएगा, जिसमें अवरोध का कारण बताया जाएगा।
