शहर

दिल्ली में पुलिसिया एक्शन को लेकर मध्य प्रदेश विधानसभा में मचा हंगामा, LoP ने दिया स्थगन नोटिस; स्पीकर ने किया खारिज

CJP Protest: दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिसिया एक्शन का मामला मध्य प्रदेश विधानसभा में बुधवार को गूंजा। इस मुद्दे को लेकर जमकर हंगामा हुआ और कांग्रेस विधायक बेल पर आकर नारेबाजी करने लगे।

Image

मध्य प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन (फोटो साभार: @INCMP)

Photo : Twitter

CJP Protest: दिल्ली में 20 जुलाई को हुए 'चलो संसद' प्रदर्शन का असर मध्य प्रदेश विधानसभा में भी दिखाई दे रहा है। विधानसभा में बुधवार को विपक्षी कांग्रेस ने जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ पुलिसिया एक्शन और दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की हिरासत में मुद्दे पर चर्चा की मांग खारिज होने के बाद जमकर हंगामा किया।

मानसून सत्र के तीसरे दिन नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इन मुद्दों पर तत्काल चर्चा की मांग को लेकर स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया। हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने नियमों का हवाला देते हुए प्रस्ताव को खारिज कर दिया।

वेल में आ गए कांग्रेसी विधायक

इसके बाद कांग्रेस के विधायक वेल में आ गए और नारेबाजी करने लगे। विधानसभा अध्यक्ष ने कई बार विधायकों से अपनी सीटों पर लौटने की अपील की, लेकिन जब वे नहीं माने तो उन्होंने सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी।

इससे पहले, नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि जिन घटनाओं को लेकर कांग्रेस चर्चा की मांग कर रही है, वे मध्य प्रदेश सरकार के अधिकार क्षेत्र से बाहर हुई हैं। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने भी कहा कि इन मुद्दों पर विधानसभा में चर्चा नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक केवल पब्लिसिटी के लिए इन मुद्दों को उठा रहे हैं।

मध्य प्रदेश के सवा लाख छात्रों ने दी थी NEET परीक्षा

वहीं, उमंग सिंघार ने कहा कि मध्य प्रदेश से लगभग 1.25 लाख छात्रों ने नीट की परीक्षा दी थी और पेपर लीक की वजह से राज्य के कई छात्र प्रभावित हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि जब छात्र दिल्ली में अपने मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, तब राज्य के एक वरिष्ठ मंत्री ने उनके लिए आपत्तिजनक टिप्पणी की और उन्हें "कॉकरोच और कीड़े-मकौड़े" कहा।

खेल और युवा मामलों के मंत्री विश्वास सारंग ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि किसी भी मंत्री ने ऐसा बयान नहीं दिया है। इससे पहले, कांग्रेस विधायक सदन में काली पट्टी बांधकर पहुंचे। वह दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की पिटाई का विरोध कर रहे थे।

सनद रहे कि सीजेपी ने नीट पेपर लीक को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी। इसके अलावा, लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस ने अन्य नेताओं को हिरासत में लिया गया था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article