यूटिलिटी

अब पुराना PF ढूंढना हुआ बेहद आसान, नया 'Service History' फीचर करेगा आपकी मदद

अगर आपने भी अपने करियर में एक से अधिक कंपनियों में काम किया है तो ये जानकारी आपके लिए बेहद काम की साबित हो सकती है। आपको भी EPFO के सर्विस हिस्ट्री फीचर के बारे में जानना चाहिए।

Image

पीएफ सर्विस हिस्ट्री फीचर क्या है (Photo: iStock)

कई बार एक लंबे करियर में कई बार नौकरी बदलने के साथ पुराने Provident Fund (PF) Account की जानकारी ठीक से याद नहीं रहती। ऐसी ही नौकरीपेशा लोगों की परेशानी को दूर करने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने एक नए फीचर Service History की सुविधा शुरू की है। इस फीचर की मदद से कर्मचारी अपने पुराने रोजगार का रिकॉर्ड देख सकते हैं और उन PF खातों का पता लगा सकते हैं, जो समय के साथ भूल गए थे।

क्या है Service History फीचर?

EPFO की नई Service History सुविधा कर्मचारियों को उनके Universal Account Number (UAN) से जुड़े सभी रोजगार (Employment) का रिकॉर्ड एक ही जगह देखने की सुविधा देती है। इसमें यह जानकारी मिलती है कि कर्मचारी ने किस कंपनी में कब काम किया, कब नौकरी शुरू की और कब छोड़ी। यह सुविधा खास तौर पर उन लोगों के लिए काम की साबित हो सकती है, जिन्होंने कई कंपनियों में काम किया है और जिनके एक से अधिक PF अकाउंट बन गए हैं।

क्यों जरूरी है यह सुविधा?

अक्सर कर्मचारी नौकरी बदलने के बाद नए नियोक्ता के साथ नया PF अकाउंट जुड़वा लेते हैं, लेकिन पुराने PF खाते का ट्रांसफर नहीं करवाते। कई बार लोगों को यह भी याद नहीं रहता कि उनका पुराना PF अकाउंट किस कंपनी में था। ऐसी स्थिति में पुराने PF खाते में जमा रकम वर्षों तक पड़ी रह सकती है। अब Service History फीचर के जरिए कर्मचारी अपने सभी पुराने रोजगार की जानकारी देखकर ऐसे खातों की पहचान कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें अपने मौजूदा UAN से लिंक या ट्रांसफर करा सकते हैं।

कैसे करें Service History चेक?

सबसे पहले EPFO पोर्टल पर लॉग-इन करने के बाद UAN और पासवर्ड की मदद से अपने अकाउंट को ओपन करें। इसके बाद Service History सेक्शन में जाकर आप अपने रोजगार का पूरा रिकॉर्ड देख सकते हैं। यहां आपको सभी पुराने और वर्तमान नियोक्ताओं की जानकारी दिखाई देगी। अगर कोई पुराना PF अकाउंट दिखाई देता है, तो उसकी जानकारी के आधार पर आगे ट्रांसफर या दूसरी जरूरी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

पुराने PF खाते का क्या फायदा?

पुराने PF खाते को खोजकर मौजूदा खाते में ट्रांसफर करने से आपकी पूरी PF बचत एक जगह आ जाती है। इससे भविष्य में क्लेम करना आसान होता है और रिटायरमेंट के समय आपकी कुल जमा राशि का सही लाभ मिल पाता है। अगर पुराने खाते का ट्रांसफर नहीं कराया जाता, तो रिकॉर्ड बिखरा रह सकता है और बाद में क्लेम के दौरान अतिरिक्त डॉक्यूमेंट्स या सत्यापन की जरूरत पड़ सकती है।

नौकरी बदलने पर क्या करें?

हर बार नौकरी बदलने के बाद इस बात का खास ध्यान रखें कि आपका नया नियोक्ता आपके मौजूदा UAN का ही इस्तेमाल करे। अगर नया PF अकाउंट बन भी जाए, तो समय रहते पुराने खाते का ट्रांसफर करा लें। साथ ही समय-समय पर EPFO पोर्टल पर जाकर अपनी Service History और PF पासबुक की जांच करते रहें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article