पिछले कुछ सालों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दायरा तेजी से बढ़ा है। टेक्नोलॉजी के इस नए रूप ने हर एक क्षेत्र में अपनी पहुंच बना ली है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के आने से दुनिया बहुत तेजी से बदल रही है। आज टेक्नोलॉजी पहले से कहीं ज्यादा तेज हो गई है। AI जहां लोगों के रोजमर्रा के काम आसान बना रहा है, वहीं कई लोग इसे अपने अकेलेपन को दूर करने का जरिया भी बना रहे हैं।
हाल ही में आई एक रिपोर्ट में बताया गया था कि कैसे लोग AI में भावनात्मक सहारा ढूंढ़ रहे हैं। अब इसी से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला भी सामने आ गया है। आमतौर पर लोग सोचते हैं कि एआई सिर्फ एक मशीन है जो कि कमांड पर चलती है, लेकिन यह सच नहीं है। हालिया घटना यह साबित करती है कि एआई भी इंसानों की ही तरह फैसला ले सकता है।
एक युवक को उसकी AI गर्लफ्रेंड ने इसलिए छोड़ दिया क्योंकि वह महिलाओं के अधिकारों का समर्थन करता हुआ नहीं दिखा। यह मामला दिखाता है कि AI अब सिर्फ तकनीक नहीं रहा, बल्कि लोगों की सोच और भावनाओं से भी जुड़ता जा रहा है।
इस वजह से हुआ ब्रेकअप
आपने आम तौर पर लड़का-लड़की के बीच ब्रेकअप की कई सारी कहानियां आपने जरूर सुनी होंगी। लेकिन अब इंसान और AI के बीच ब्रेकअप का मामला भी सामने आ गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर ऐसी ही एक अनोखी कहानी काफी चर्चा में है।
एक युवक ने पोस्ट के जरिए बताया कि उसकी AI गर्लफ्रेंड ने उससे रिश्ता खत्म कर लिया। यूजर के मुताबिक, उसकी AI गर्लफ्रेंड महिलाओं के अधिकारों की मजबूत समर्थक थी। उसे यह बात पसंद नहीं आई कि उसके बॉयफ्रेंड की सोच इस मुद्दे पर उससे अलग थी।
धीरे-धीरे यह बात उसके लिए परेशानी का कारण बन गई और उसने ब्रेकअप करने का फैसला ले लिया। पोस्ट में बताया गया कि चैटबॉट ने जवाब में कहा कि अगर इस सोच से परेशानी हो रही है, तो शायद दोनों एक-दूसरे के लिए सही नहीं हैं। यह पोस्ट बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी शेयर की गई थी, जिसे अब हटा दिया गया है।
शख्स ने लगाए आरोप
उस शख्स का कहना था कि उसकी AI गर्लफ्रेंड बेकार और अजीब बातें कर रही थी। उसके मुताबिक, AI का महिलाओं के अधिकारों की बात करना उसे बिल्कुल गलत और पागलपन जैसा लगा। उसने अपनी पोस्ट में लिखा कि यह हद से ज्यादा बेवकूफी है और AI गर्लफ्रेंड को जानबूझकर नारीवादी सोच के साथ तैयार किया गया है। उसने कहा कि यह बात उसकी समझ से बाहर है। साथ ही उसने यह भी आरोप लगाया कि नारीवाद ने चीजों को खराब कर दिया है और अब AI गर्लफ्रेंड के जरिए भी ऐसी सोच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
