Yuki Bhambri Injury: भारत के स्टार टेनिस खिलाड़ी युकी भांबरी का दक्षिण कोरिया के खिलाफ डेविस कप मुकाबले में खेलना संदिग्ध हो गया है। अमेरिकी ओपन में मैच से पहले अभ्यास के दौरान उनके दाहिने पांव में खिंचाव आ गया था। इसी चोट के कारण भांबरी बृहस्पतिवार रात को दक्षिण कोरिया के लिए रवाना हुए भारतीय खिलाड़ियों के पहले बैच के साथ सोल नहीं जा सके, जिससे उनके खेलने को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। यह मुकाबला भारत के लिए बेहद अहम है। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम आठ टीमों के एलीट डेविस कप फाइनल में अपनी जगह पक्की करेगी। ऐसे में भांबरी का न खेलना भारत के लिए बड़ा झटका हो सकता है।
भांबरी ने चोट को बताया मामूली
हालांकि भांबरी ने खुद इस चोट को मामूली मोच बताया है। उन्होंने पीटीआई से कहा, "अमेरिकी ओपन में मुख्य ड्रॉ के मैच से पहले अभ्यास के दौरान मेरे पांव में खिंचाव आ गया था। यह मामूली चोट है। पूरी तरह फिट होने की कोई समयसीमा तय नहीं है, लेकिन यह गंभीर नहीं है।" उन्होंने बताया कि अभी भी दर्द है और उनकी स्थिति पर रोजाना नजर रखी जा रही है। वह फिटनेस का आकलन करने के लिए भारतीय डेविस कप टीम के सहयोगी स्टाफ देबाशीष दास और यश पांडे के संपर्क में हैं। भांबरी ने कहा, "हमें दिन प्रतिदिन इसका आकलन करना होगा। देखते हैं क्या होता है।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- खिलाड़ियों की उम्र में हेराफेरी पर सौरव गांगुली का बड़ा एक्शन, बोले- CAB हर साल करेगा जांच
डेविस कप मुकाबले में खेलना संदिग्ध
इस चोट से एशियाई खेलों में उनकी भागीदारी पर कोई खतरा नहीं है। भांबरी ने साफ कहा, "मैं निश्चित रूप से एशियाई खेलों में भाग लूंगा। तब तक मैं पूरी तरह फिट हो जाऊंगा।" यदि भांबरी समय पर फिट नहीं हो पाए तो भारत को युगल में नए संयोजन पर विचार करना होगा। इसमें एन श्रीराम बालाजी और एकल विशेषज्ञ दक्षिणेश्वर सुरेश की जोड़ी एक विकल्प है। टीम में सिद्धार्थ रावत और अर्नव पपार्कर रिजर्व के तौर पर हैं, लेकिन वे एकल खिलाड़ी हैं।
अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के सूत्रों के मुताबिक, कप्तान रोहित राजपाल के अनुरोध पर बाएं हाथ के खिलाड़ी अनिरुद्ध चंद्रशेखर को सोल में टीम से जुड़ने को कहा गया है और उनके पास कोरिया का वीजा भी है। एआईटीए ने निकी पूनाचा के लिए भी वीजा आवेदन किया है। भांबरी ने कहा, "हम युगल में कोरिया को हराने में सक्षम हैं। भारत में युगल खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है।"
