क्रिकेट

खिलाड़ियों की उम्र में हेराफेरी पर सौरव गांगुली का बड़ा एक्शन, बोले- CAB हर साल करेगा जांच

Sourav Ganguly On Age Fraud: ईडन गार्डन्स में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में गांगुली ने बताया कि BCCI ने पहली बार आधार अपडेट सिस्टम शुरू किया है। पिछले महीने ही BCCI ने सभी राज्य संघों के साथ उम्र की जांच को लेकर एक सेमिनार भी किया था।

Image

सौरव गांगुली (फोटो साभार- X)

Sourav Ganguly On Age Fraud: क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के प्रेसिडेंट सौरव गांगुली ने उम्र में गड़बड़ी करने वाले खिलाड़ियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। गांगुली ने कहा कि CAB के पास उम्र की जांच का एक पारदर्शी और मजबूत सिस्टम है, और यह प्रक्रिया हर साल जारी रहेगी। हाल ही में CAB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 65 खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगाया है।

CAB लगा चुका है 65 खिलाड़ियों पर प्रतिबंध

इसमें सबसे बड़ा नाम इंडिया अंडर-19 टीम के रोहित यादव का है। रोहित ने इसी साल जुलाई में श्रीलंका दौरे पर भारत का प्रतिनिधित्व किया था। जांच के दौरान पता चला कि उनके उम्र के दस्तावेजों में 27 महीने का अंतर है। इसके बाद CAB ने उन पर 2 साल का बैन लगा दिया और उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली अंडर-19 सीरीज से बाहर कर दिया गया है। रोहित यादव के अलावा अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के तेज गेंदबाज रवि कुमार पर भी कार्रवाई हुई है। उनकी उम्र में 40 महीने से ज्यादा की गड़बड़ी पाई गई है, जिसके चलते उनके सभी रिकॉर्ड को अमान्य कर दिया गया है।

खिलाड़ियों के हर दस्तावेज की गहराई से जांच

ईडन गार्डन्स में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में गांगुली ने बताया कि BCCI ने पहली बार आधार अपडेट सिस्टम शुरू किया है। पिछले महीने ही BCCI ने सभी राज्य संघों के साथ उम्र की जांच को लेकर एक सेमिनार भी किया था। गांगुली ने कहा, "उम्र में गड़बड़ी सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि फुटबॉल समेत सभी खेलों में एक बड़ी समस्या है। CAB के पास इसके लिए साफ नियम हैं।" उन्होंने बताया कि CAB ने 10 सदस्यों की एक स्पेशल जांच सेल बनाई है, जो खिलाड़ियों के हर दस्तावेज की गहराई से जांच कर रही है। जो भी खिलाड़ी पकड़ा जाएगा, उसे किसी भी टूर्नामेंट में खेलने की अनुमति नहीं मिलेगी।

टिकट विवाद पर भी दिया जवाब

नकली सर्टिफिकेट बनाने वाले नेटवर्क पर सवाल पूछे जाने पर गांगुली ने कहा कि CAB का काम सिर्फ जांच करना और दोषी खिलाड़ियों को बाहर करना है। उन्होंने कहा, "हमें नहीं पता कि खिलाड़ियों को अस्पतालों या नगर पालिकाओं से नकली सर्टिफिकेट कैसे मिलते हैं। CAB वहां तक नहीं पहुंच सकता, लेकिन अब आधार सिस्टम से कोई भी नहीं बच पाएगा।" इसके साथ ही गांगुली ने वर्ल्ड कप के टिकट विवाद पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि टिकटों का बंटवारा BCCI और ICC के नियमों के अनुसार होता है, इसमें CAB का कोई रोल नहीं है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article