स्पोर्ट्स

एशियन गेम्स में खिलाड़ियों को लकड़ी के केबिन में ठहराने पर मचा बवाल, क्या बोलीं ओलंपिक अध्यक्ष

Asian Games 2026: जापान ने लागत नियंत्रित करने के लिए 20वें एशियन गेम्स में खिलाड़ियों को एथलीट विलेज की जगह लकड़ी के केबिन, क्रूज जहाज और होटलों में ठहराया है। कई खिलाड़ियों ने केबिन को बहुत छोटा और असुविधाजनक बताया है।

Image

इंटरनेशनल ओलंपिक अध्यक्ष (फोटो साभार- officialkirstycoventry)

Asian Games 2026: जापान के आइची-नागोया में चल रहे 20वें एशियन गेम्स में खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर बवाल मचा हुआ है। आयोजकों ने इस बार एथलीट विलेज बनाने की जगह खिलाड़ियों को लकड़ी के केबिन, क्रूज जहाज और होटलों में ठहराया है। कई खिलाड़ियों ने केबिन को बहुत छोटा और असुविधाजनक बताया है, जिसके बाद यह मुद्दा सुर्खियों में आ गया। इस विवाद के बीच अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) की अध्यक्ष कर्स्टी कोवेंट्री ने रविवार को खुद लकड़ी के केबिन का दौरा किया और व्यवस्था की जमकर तारीफ की। कुछ खिलाड़ियों की आलोचना के बावजूद उन्होंने कहा कि वह इस व्यवस्था से काफी प्रभावित हैं।

जापान की व्यवस्था पर क्या बोलीं IOC अध्यक्ष

कोवेंट्री ने कहा, "यहां के केबिन काफी अच्छे हैं। ये थोड़े छोटे हैं। अगर आपको कोई नकारात्मक बात कहनी ही हो तो आप कह सकते हैं कि ये थोड़े छोटे हैं लेकिन मुझे नहीं लगता कि यह कोई नकारात्मक बात है। मुझे यह पसंद है।" उन्होंने आगे कहा कि एक साथ रहने का अनुभव खिलाड़ियों के लिए खास होता है। "मैं हमेशा इस बात को सकारात्मक रूप से देखूंगी कि सभी खिलाड़ी एक साथ रह रहे हैं क्योंकि मेरा मानना है कि यह ऐसा अनुभव है जो आपको कहीं और नहीं मिलता। केबिन शांत हैं, काफी अच्छे हैं, एयर कंडीशनिंग अच्छी तरह काम कर रही है और फर्श तथा दीवारें खूबसूरत हैं। मैं जिन कुछ खेल गांव में ठहरी हूं, यह उनसे बेहतर है।"

पेरिस ओलंपिक से ज्यादा खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

दरअसल, जापान ने लागत नियंत्रित करने के लिए यह फैसला लिया है। जापान ने 2020 के टोक्यो ओलंपिक पर आधिकारिक तौर पर 13 अरब डॉलर खर्च किए थे, जो महामारी के कारण एक साल देरी से 2021 में हुए थे। इस बार खर्च बचाने के लिए अलग से गांव नहीं बनाया गया। इस एशियन गेम्स में करीब 11 हजार से 12 हजार खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जो पेरिस ओलंपिक 2024 के 10,700 खिलाड़ियों से भी ज्यादा है। दो सप्ताह तक चलने वाले खेल रविवार को शुरू हुए हैं और 4 अक्टूबर तक चलेंगे। हालांकि आयोजकों ने अभी तक खिलाड़ियों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article