अहमदाबाद : दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने अहमदाबाद और बिहार के झंझारपुर के बीच अनारक्षित साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन संख्या 09437/09438 कुल चार फेरे लगाएगी। यह ट्रेन 6 और 13 नवंबर को अहमदाबाद से रवाना होगी, जबकि वापसी में 8 और 15 नवंबर को झंझारपुर से चलेगी। ट्रेन में यात्रा के लिए विशेष किराया लागू होगा और इसके सभी कोच अनारक्षित रहेंगे।
अहमदाबाद से रात 11:55 बजे होगी रवाना
ट्रेन संख्या 09437 अहमदाबाद-झंझारपुर अनारक्षित स्पेशल 6 और 13 नवंबर 2026 को अहमदाबाद से रात 11:55 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रविवार को दोपहर 3 बजे झंझारपुर पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 09438 झंझारपुर-अहमदाबाद स्पेशल 8 और 15 नवंबर को झंझारपुर से शाम 5 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन मंगलवार सुबह 9:30 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- रेलवे का बड़ा बदलाव : 8 नवंबर से बदल जाएगा रिजर्वेशन काउंटर का समय, 28 स्टेशनों पर सिर्फ 6 घंटे होगी एडवांस बुकिंग
गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के इन स्टेशनों पर रुकेगी
दोनों दिशाओं में ट्रेन आणंद, छायापुरी, गोधरा, दाहोद, रतलाम, नागदा, उज्जैन, सीहोर, संत हिरदाराम नगर, विदिशा, बीना, दमोह, कटनी मुड़वारा, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और सकरी स्टेशनों पर ठहरेगी।
पूरी तरह अनारक्षित होगी ट्रेन
पश्चिम रेलवे के मुताबिक, यह ट्रेन विशेष किराये पर चलाई जाएगी और पूरी तरह अनारक्षित होगी। यात्री ट्रेन के ठहराव, समय और अन्य जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट "www.enquiry.indianrail.gov.in" (https://www.enquiry.indianrail.gov.in) पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
