स्पोर्ट्स

Asian Games: बैडमिंटन टीम की शानदार शुरुआत, कजाकिस्तान को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचा भारत

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में टीम इंडिया ने महिला टीम स्पर्धा के राउंड ऑफ 16 में कजाकिस्तान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। जहां भारत के सामने मेजबान जापान की कड़ी चुनौती होगी।

Image

पीवी सिंधू (फोटो साभार- PV Sindhu)

Asian Games 2026: भारतीय महिला बैडमिंटन टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार शुरुआत की है। टीम इंडिया ने महिला टीम स्पर्धा के राउंड ऑफ 16 में कमजोर कजाकिस्तान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। अब क्वार्टर फाइनल में भारत के सामने मेजबान जापान की कड़ी चुनौती होगी। इचिनोमिया सिटी म्यूनिसिपल जिम्नेजियम में खेले गए मुकाबले में भारत की तीनों सिंगल्स खिलाड़ियों ने बिना कोई गेम गंवाए जीत दर्ज की। पहले मैच में स्टार शटलर पीवी सिंधू ने कजाकिस्तान की कमिला स्मागुलोवा को सिर्फ 24 मिनट में 21-7, 21-9 से हराया। सिंधू की वर्ल्ड रैंकिंग 11 है जबकि कमिला 426वें नंबर पर हैं।

जापान से होगा क्वार्टर फाइनल मैच

दूसरे मैच में युवा सनसनी उन्नति हुड्डा ने अलिस्सा कुलेशोवा को 22 मिनट में 21-7, 21-10 से शिकस्त दी। उन्नति वर्ल्ड रैंकिंग में 24वें स्थान पर हैं और उनकी प्रतिद्वंद्वी 866वें नंबर पर। तीसरे मैच में तन्वी शर्मा ने डायना नामेनोवा को 21-5, 21-10 से हराकर भारत की जीत पक्की कर दी। लेकिन असली परीक्षा अब शुरू होगी। क्वार्टर फाइनल में भारत का सामना जापान से है, जिसके पास वर्ल्ड टॉप-10 की तीन खिलाड़ी हैं - अकाने यामागुची (नंबर 3), तोमोका मियाजाकी (नंबर 7) और नोजोमी ओकुहारा (नंबर 10)।

भारत ने 2014 में जीता था मेडल

संभावित मुकाबलों में सिंधू का सामना यामागुची से और उन्नति का मियाजाकी से हो सकता है। वहीं महिला डबल्स में ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी का सामना वर्ल्ड नंबर 3 जोड़ी युकी फुकुशिमा और मायू मात्सुमोतो से होगा। सिंधू ने कहा, "हमारी टीम अच्छी है और जापान भी मजबूत टीम है। इसलिए मुकाबला कड़ा होने वाला है। हर मैच महत्वपूर्ण है।" भारत ने महिला टीम इवेंट का अपना एकमात्र मेडल 2014 इंचियोन में जीता था, जब साइना नेहवाल और सिंधू की टीम ने ब्रॉन्ज जीता था। 2023 हांगझोउ में टीम क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड से हार गई थी। अगर इस बार जापान को हराया तो सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया से टक्कर हो सकती है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article