स्पोर्ट्स

अमेरिका ने ईरान फुटबॉल टीम पर फीफा विश्व कप में लगे प्रतिबंधों में ढील दी

USA Ease Restrictions On Iran: अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका ईरान की विश्व कप टीम पर लगाए गए यात्रा प्रतिबंधों में ढील दे रहा है और अब टीम को अगले मैच से दो दिन पहले देश की यात्रा करने की अनुमति दे दी गई है।

Image

अमेरिका ने ईरान पर विश्व कप में प्रतिबंधों पर ढील दी

Photo : AP

अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका ईरान की विश्व कप टीम पर लगाए गए यात्रा प्रतिबंधों में ढील दे रहा है और अब टीम को अगले मैच से दो दिन पहले देश की यात्रा करने की अनुमति दे दी गई है। विभाग के प्रवक्ता ने हालांकि बताया कि टीम को सिएटल में शुक्रवार के मैच के तुरंत बाद ही रवाना होना होगा। ईरान फुटबॉल महासंघ के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि टीम मैक्सिको के तिजुआना स्थित अपने शिविर से बुधवार को सिएटल के लिए रवाना होगी।

ईरान की टीम को यात्रा प्रतिबंधों के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। उसे लॉस एंजिलिस में खेले गए पहले दो मैच के लिए एक दिन पहले तक यात्रा करने की अनुमति नहीं दी गई थी। इसके बाद ईरान के कोच आमिर घलेनोई ने बार-बार इस बात को दोहराया था कि उनकी टीम को इससे काफी नुकसान हो रहा है।

दक्षिण कोरिया को घरेलू माहौल मिलने की उम्मीद

दक्षिण कोरिया के मुख्य कोच हांग म्युंग-बो को उम्मीद है कि जब उनकी टीम मॉन्टेरी में विश्व कप ग्रुप ए के अपने आखिरी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी तो उसके लिए माहौल घरेलू मैच जैसा होगा। दक्षिण कोरिया ने जब ग्वाडालाजारा में खेले गए पहले मैच में चेक गणराज्य को 2-1 से हराया था, तब मैक्सिको के दर्शकों ने उनका भरपूर समर्थन किया था। हांग को अगले मैच में भी इसी तरह के समर्थन की उम्मीद है।

उन्होंने कहा, "कल फिर से हमें अपने घरेलू मैदान पर खेलने जैसा अनुभव मिल सकता है। यह हमारे खिलाड़ियों के लिए एक बहुत बड़ा तोहफा है। हम इसका भरपूर फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।"

दक्षिण कोरिया ने 2018 के विश्व कप में जर्मनी को हराकर मैक्सिको को अंतिम 16 में पहुंचा दिया था। यही वजह है कि मैक्सिको के फुटबॉल प्रेमी कोरिया की टीम का समर्थन कर रहे हैं। मैक्सिको के प्रशंसकों ने तब जश्न मनाते हुए मॉन्टेरी में दक्षिण कोरियाई दूतावास तक मार्च किया और नारे लगाए, "कोरियाई भाई, अब तुम मैक्सिकन हो।"

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article