उरुग्वे ने मंगलवार को यहां अंतरराष्ट्रीय मैत्री फुटबॉल मैच में दूसरे हाफ में आक्रामक प्रदर्शन करते हुए भारत को 6-1 से करारी शिकस्त दी। दो बार की विश्व चैंपियन टीम को डार्विन नुनेज ने 11वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदलकर बढ़त दिलाई। परमवीर सिंह को बॉक्स के अंदर फेडेरिको विनास के खिलाफ फाउल करने का दोषी ठहराए जाने के बाद उरुग्वे को पेनल्टी मिली थी। हालांकि भारत ने शानदार जवाब देते हुए 22वें मिनट में अनिरुद्ध थापा के गोल से बराबरी कर ली। रयान विलियम्स के शॉट को गोलकीपर थियागो कार्डोजो ने रोक दिया लेकिन थापा ने रिबाउंड पर गोल कर दिया।
उरुग्वे ने 28वें मिनट में मैक्सिमिलियानो अराउजो के गोल से फिर बढ़त हासिल कर ली। भारतीय रक्षापंक्ति की चूक का फायदा उठाते हुए अराउजो ने नजदीक से गेंद को गोल में पहुंचाया। पहले हाफ के आधे घंटे के तुरंत बाद बिजली चमकने के कारण खेल कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। मौसम से जुड़ी इस बाधा के बाद मुकाबला दोबारा शुरू हुआ।
दूसरे हाफ में भारत उरुग्वे के आक्रामक खेल का सामना नहीं कर सका। रोड्रिगो सालाजार ने 53वें मिनट में उरुग्वे की ओर से तीसरा गोल किया। इसके छह मिनट बाद अराउजो ने अपना दूसरा गोल करके स्कोर 4-1 कर दिया और इसके साथ ही भारत की वापसी की उम्मीद लगभग खत्म हो गई। उरुग्वे ने भारतीय रक्षापंक्ति में मौजूद खाली जगहों का लगातार फायदा उठाया। जुआन मैनुअल सनाब्रिया ने 71वें मिनट में पांचवां गोल किया जबकि रोड्रिगो अगुइरे ने 86वें मिनट में छठा गोल दागकर भारत की करारी हार पूरी कर दी।
यह हार खालिद जमील की टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबलों की श्रृंखला का निराशाजनक अंत रही। भारत ने इससे पहले पनामा के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था और फिर शनिवार को पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील के हाथों 0-4 से हार गया था। दक्षिण अमेरिकी टीम के खिलाफ इस हाई प्रोफाइल मैत्री मैच के लिए भी विशाल सॉल्ट लेक स्टेडियम में दर्शकों की संख्या कम रही।
इस 68,000 दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम की कई सीटें खाली रहीं और तीनों दीर्घाओं (निचली, मध्य और ऊपरी) में काफी कम दर्शक नजर आए। इससे आयोजक अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के लिए स्पष्ट संदेश गया। कम दर्शकों की संख्या के बावजूद एआईएफएफ ने लोगों को स्टेडियम तक खींचने के लिए कई प्रयास किए थे।
इसी मैदान पर ब्राजील के खिलाफ भारत की हार के दौरान फीकी प्रतिक्रिया देखने के बाद आयोजकों ने उरुग्वे के खिलाफ मैच के टिकटों की कीमत कुछ ब्लॉकों में करीब 90 प्रतिशत तक घटा दी थी। 749 रुपये से शुरू होने वाले टिकट 199 रुपये में उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा मुफ्त पास भी बांटे गए जिनमें पिछले साल कोलकाता में हुए विवादित लियोनेल मेस्सी दौरे के टिकट खरीदने वाले लोगों को दिए गए 22,000 पास भी शामिल थे। इसके बावजूद किकऑफ के समय स्टेडियम में करीब 15,000 दर्शक ही मौजूद थे।
