स्पोर्ट्स

फुटबॉल में 'युद्ध': FIFA के खिलाफ खड़ा हुए यूरोप व अन्य संघ, UEFA के सदस्य नहीं लेंगे फीफा के किसी भी टूर्नामेंट में हिस्सा

FIFA Controversy: फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो की विश्व कप समेत प्रमुख फुटबॉल प्रतियोगिताओं में निजी निवेशकों को हिस्सेदारी देने की विवादित योजना के खिलाफ यूरोपीय देशों ने बड़ा कदम उठाते हुए बृहस्पतिवार को फीफा विश्व कप और उसकी सभी प्रतियोगिताओं के बहिष्कार करने पर सहमति जता दी है।

Image

फीफा के खिलाफ खड़े हुए यूरोप व तमाम अन्य देशों के फुटबॉल संघ

Photo : AP

फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो की विश्व कप समेत प्रमुख फुटबॉल प्रतियोगिताओं में निजी निवेशकों को हिस्सेदारी देने की विवादित योजना के खिलाफ यूरोपीय देशों ने बड़ा कदम उठाते हुए बृहस्पतिवार को फीफा विश्व कप और उसकी सभी प्रतियोगिताओं के बहिष्कार करने पर सहमति जता दी है। उत्तर, मध्य अमेरिका और कैरेबियाई फुटबॉल परिसंघ (कॉनकाकाफ) ने भी इस प्रस्ताव को खारिज कर इन्फेंटिनो पर दबाव और बढ़ा दिया।

यूरोपीय फुटबॉल महासंघ (यूईएफए) ने अपने 55 सदस्य देशों की आपातकालीन ऑनलाइन बैठक के बाद कहा, ’’यूईएफए और उसके सदस्य संघ फीफा की किसी भी प्रतियोगिता में भाग नहीं लेंगे।’’ फीफा का अगला निर्धारित टूर्नामेंट पांच सितंबर से पोलैंड में आयोजित होने वाला अंडर-20 महिला विश्व कप है। वहीं, 2035 महिला विश्व कप की मेजबानी के लिए ब्रिटेन के चारों फुटबॉल संघ संयुक्त रूप से एकमात्र दावेदार हैं, जिस पर 23 नवंबर को फैसला होना है।

यूईएफए ने अपने बयान में कहा, "कुछ चीजें बिकाऊ नहीं होतीं। फीफा विश्व कप फुटबॉल की धरोहर है और हमेशा रहेगा। जब तक यूरोप की आवाज सुनी जाएगी, इसे कभी बिक्री के लिए नहीं रखा जाएगा।" सूत्रों के अनुसार, इन्फेंटिनो ने फीफा के 211 सदस्य देशों को मध्य सितंबर तक एक प्रस्ताव स्वीकार करने के लिए कहा है। इसके तहत प्रत्येक सदस्य संघ को मौजूदा वित्तीय आर्थिक सहायता एक करोड़ की जगह दो करोड़ डॉलर देने का वादा किया गया है।

कॉनकाकाफ ने भी बृहस्पतिवार को अपने 41 सदस्यो की बैठक में इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। संगठन ने कहा कि सदस्य देशों ने प्रस्ताव को लेकर पारदर्शिता की कमी, अत्यंत कम समयसीमा और फीफा की संबंधित प्रशासनिक संस्थाओं से मंजूरी न लेने पर गंभीर चिंता जताई है। साथ ही यह सवाल भी उठाया गया कि इतिहास के सबसे अधिक लाभदायक विश्व कप के बाद बाहरी निवेश की आवश्यकता आखिर क्यों है।

इससे पहले मंगलवार को सामने आई जानकारी के अनुसार, फीफा अपनी व्यावसायिक गतिविधियों को ’फीफा फॉरवर्ड एंटरप्राइज (एफएफई)’ नामक लगभग 20 अरब डॉलर मूल्य की नई सहायक कंपनी में स्थानांतरित करने की योजना बना रहा है। इसमें 20 प्रतिशत हिस्सेदारी निजी निवेशकों को दी जाएगी। प्रमुख निवेशक के रूप में न्यूयॉर्क की एक निवेश कंपनी का नाम सामने आया है, जिसकी स्थापना जोशुआ कुशनर ने की है। वह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर के भाई हैं।

इन्फेंटिनो 2016 में फीफा अध्यक्ष बनने से पहले लंबे समय तक यूईएफए में वरिष्ठ पदों पर कार्यरत रहे थे। फुटबॉल राजनीति में आए इस बड़े घटनाक्रम के बीच एशियाई फुटबॉल परिसंघ (एएफसी) ने भी पहली बार इन्फेंटिनो की योजना पर खुलकर सवाल उठाए। एएफसी अध्यक्ष शेख सलमान बिन इब्राहिम अल खलीफा ने अपने 46 सदस्य देशों को भेजे पत्र में कहा कि फीफा की एकतरफा कार्रवाई महाद्वीपीय फुटबॉल की बुनियाद को कमजोर करती प्रतीत होती है और इससे क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

उन्होंने लिखा कि सभी महाद्वीपीय परिसंघों के समर्थन के बिना ऐसी पहल सफल नहीं हो सकती और फिलहाल ऐसी स्थिति नहीं है। इन्फेंटिनो ने हालांकि बुधवार को जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि व्यावसायिक गतिविधियों को अलग कंपनी में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव ’एक विकल्प है, कोई बाध्यता नहीं।’

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article