स्पोर्ट्स

एशियन गेम्स में भारत के इन दो मुकाबलों ने रचा इतिहास, बने सबसे ज्यादा देखे जाने वाले इवेंट

Asian Games 2026: एशियन गेम्स में भारत-पाक पुरुष हॉकी सेमीफाइनल और भारत-पाक पुरुष क्रिकेट फाइनल एशियन गेम्स इतिहास के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले मुकाबले बन गए हैं। एशियाई ओलंपिक परिषद ने दी जानकारी।

Image

एशियन गेम्स में सबसे ज्यादा देके जाने वाले इवेंट (फोटो साभार- BCCI/Hockey India)

Asian Games 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच की प्रतिद्वंद्विता एक बार फिर एशियन गेम्स में सबसे बड़ी हिट साबित हुई है। एशियाई ओलंपिक परिषद (OCA) ने रविवार को जानकारी दी कि आइची-नागोया 2026 एशियन गेम्स में भारत-पाक पुरुष हॉकी सेमीफाइनल और भारत-पाक पुरुष क्रिकेट फाइनल एशियन गेम्स इतिहास के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले मुकाबले बन गए हैं। OCA समन्वय समिति के अध्यक्ष तैयब इकराम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "प्रसारण को खेलों के इतिहास में सबसे अधिक दर्शक मिले। इसके पीछे दो बड़े मुकाबले रहे। शनिवार को पाकिस्तान-भारत क्रिकेट मैच खेलों का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मुकाबला रहा और उससे एक दिन पहले गुरुवार को पाकिस्तान-भारत हॉकी मैच खेलों के इतिहास में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मुकाबला था।"

भारत के दो मुकाबले सबसे ज्यादा देखे जाने वाले

गिफू प्रांत के काकामिगाहारा ग्रीन स्टेडियम में खेला गया हॉकी सेमीफाइनल हाई-वोल्टेज ड्रामा से भरपूर रहा। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 4-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई और फिर फाइनल में मलेशिया को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह मैच सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी सुपरहिट रहा। क्रिकेट में भी यही कहानी दोहराई गई। सानो में हुए पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल रिटेन किया। अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा की पारियों के दम पर भारत ने 211 रन बनाए थे।

कई मायनों में अलग था यह एशियन गेम्स

इस बार के एशियन गेम्स कई मायनों में अलग थे। लागत कम करने के लिए आयोजकों ने पारंपरिक एथलीट विलेज नहीं बनाया। करीब 17,000 खिलाड़ियों और अधिकारियों को होटलों, लकड़ी के अस्थायी कंटेनरों और एक क्रूज जहाज में ठहराया गया, जिसकी काफी आलोचना हुई थी। परिवहन और सीमित जगह को लेकर भी शिकायतें आईं। हालांकि OCA ने इन चुनौतियों को सफलतापूर्वक संभालने का दावा किया। इकराम ने कहा, "हम जानते हैं कि कुछ शिकायतें थीं, लेकिन हमने जिस तरह उन चुनौतियों का सामना किया, उसे रेखांकित किया जाना चाहिए। खिलाड़ियों ने इसे अच्छी तरह स्वीकार किया।"

एशियन गेम्स में टूटे 54 वर्ल्ड रिकॉर्ड

OCA के महानिदेशक हुसैन अल-मुसल्लम ने बताया कि नागोया में 54 वर्ल्ड रिकॉर्ड, 11 जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड, 89 एशियन रिकॉर्ड और 58 एशियाई खेल रिकॉर्ड टूटे। उन्होंने कहा कि यह खिलाड़ियों को मिले बेहतरीन माहौल, अच्छी नींद, खाने और परिवहन के कारण संभव हुआ। अल-मुसल्लम ने यह भी बताया कि इस बार मार्केटिंग और प्रायोजन से OCA की आय हांगझोउ 2023 की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक रही, और बिना बड़े स्थायी निर्माण के खेलों का आयोजन सफल रहा।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article