Badminton Asia U-17 Championship: ओडिशा की 15 साल की स्टार शटलर तन्वी पत्री ने रविवार को बैडमिंटन में देश का नाम फिर से रोशन कर दिया। तन्वी ने बैडमिंटन एशिया अंडर-17 और अंडर-15 जूनियर चैंपियनशिप के फाइनल में अपनी ही हमवतन शाइना मणिमुथु को रोमांचक मुकाबले में हराकर अंडर-17 गर्ल्स सिंगल्स का खिताब जीत लिया। फाइनल में तन्वी ने 11-15, 15-10, 15-12 से जीत दर्ज की।
फाइनल जीतकर किया गोल्ड पर कब्जा
पहला गेम हारने के बाद तन्वी ने शानदार वापसी की और अगले दोनों गेम जीतकर गोल्ड पर कब्जा किया। यह तन्वी का दूसरा महाद्वीपीय खिताब है। इससे पहले उन्होंने 2024 में अंडर-15 एशियाई खिताब जीता था। इस साल उन्होंने पोंटियानक इंटरनेशनल चैलेंज में अपना पहला सीनियर इंटरनेशनल खिताब भी जीता था और बेंगलुरु में ऑल इंडिया जूनियर अंडर-19 रैंकिंग टूर्नामेंट भी अपने नाम किया था।
फाइनल का कैसा रहा सफर
दूसरी वरीयता प्राप्त तन्वी का फाइनल तक का सफर बेहद मुश्किल भरा रहा। पहले राउंड में बाई के बाद उन्होंने चीन की झोउ जिंग ली को 18-16, 12-15, 15-13 से हराया। दूसरे राउंड में जापान की शिजुकु काशियो को 15-9, 15-12 से मात दी। क्वार्टर फाइनल में चीन की लिन हेंग मेन को 15-8, 15-8 से आसानी से हराया। सेमीफाइनल में भी तन्वी ने दबाव में शानदार खेल दिखाया और चीन की यू यिंग गुई को 15-9, 11-15, 15-11 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
शाइना मणिमुथु ने दिखाया कमाल का खेल
दूसरी तरफ छठी वरीयता प्राप्त शाइना मणिमुथु ने भी कमाल का खेल दिखाया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में जापान की यूई इताबाशी और सेमीफाइनल में अनोन ओकिमोटो को 15-13, 15-12 से हराकर फाइनल में एंट्री की। यह मुकाबला बेंगलुरु फाइनल का रीमैच था। पिछले साल अंडर-15 एशिया चैंपियन रही शाइना को इस बार सिल्वर से संतोष करना पड़ा।
लगातार दूसरे साल जीता खिताब
तन्वी की इस जीत से भारत ने अंडर-17 गर्ल्स सिंगल्स का खिताब लगातार दूसरे साल बरकरार रखा है। पिछले साल 2025 में दीक्षा सुधाकर ने यह खिताब जीता था। अंडर-15 वर्ग में भी भारत को एक पदक मिला। लड़कों के डबल्स में आदित्य सिंह नेगी और तन्मय वर्मा की जोड़ी ने कांस्य पदक जीता। सेमीफाइनल में वे चीनी ताइपे की बो लिन हो और जुई एन होउ की जोड़ी से 5-15, 10-15 से हार गए।
