स्पोर्ट्स

भारत की नंबर-1 टेबल टेनिस प्लेयर मनिका बत्रा को लगा बड़ा झटका, एशियन गेम्स से हुईं बाहर

Manika Batra: मनिका ने पिछले एक साल में कोई घरेलू टूर्नामेंट नहीं खेला। इसी वजह से उनकी TTFI रैंकिंग बनी ही नहीं। बिना नेशनल रैंकिंग के उनका चयन नहीं हो सका। अभी उन्हें स्वास्तिका घोष के साथ रिजर्व खिलाड़ी रखा गया है।

Image

मनिका बत्रा (manikabatra.15)

Manika Batra: भारत की नंबर-1 टेबल टेनिस स्टार मनिका बत्रा को बड़ा झटका लगा है। उन्हें 2026 एशियाई खेलों के लिए चुनी गई भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है। गुरुवार को भारतीय टेबल टेनिस महासंघ (TTFI) ने टीम का ऐलान किया और मनिका का नाम गायब था।मनिका टीम से बाहर क्यों हुईं? TTFI के मुताबिक वह चयन के पैमाने पर खरी नहीं उतरीं। मनिका ने पिछले एक साल में कोई घरेलू टूर्नामेंट नहीं खेला। इसी वजह से उनकी TTFI रैंकिंग बनी ही नहीं। बिना नेशनल रैंकिंग के उनका चयन नहीं हो सका। अभी उन्हें स्वास्तिका घोष के साथ रिजर्व खिलाड़ी रखा गया है। 20वें एशियाई खेल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होंगे। टेबल टेनिस के मुकाबले 20 से 28 सितंबर तक खेले जाएंगे।

भारत की नंबर-1 टेबल टेनिस प्लेयर

मनिका बत्रा भारत की सबसे बड़ी टेबल टेनिस खिलाड़ी हैं। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में कई मेडल जीते हैं। 2018 एशियाड में उन्होंने मिक्स्ड डबल्स में ऐतिहासिक ब्रॉन्ज जीता था। इस समय ITTF रैंकिंग में वह 51वें नंबर पर हैं। श्रीजा अकुला (45) के बाद वह भारत की दूसरी बेस्ट रैंक खिलाड़ी हैं। फिर भी टीम में जगह नहीं बना पाईं।TTFI की 2023 की चयन नीति साफ है। खिलाड़ी चुनने के लिए नेशनल रैंकिंग को 50%, वर्ल्ड रैंकिंग को 40% और चयन समिति के विवेक को 10% वेटेज दिया जाता है। मनिका के पास नेशनल रैंकिंग ही नहीं थी, इसलिए 50% नंबर सीधे कट गए।TTFI ने कहा, "चयन प्रक्रिया से तय हुआ कि भारत के सबसे बेस्ट रैंकिंग वाले और लगातार अच्छा खेलने वाले खिलाड़ियों को ही एशिया के सबसे बड़े खेल आयोजन में मौका मिले।"

श्रीजा अकुला करेंगी महिला टीम की अगुआई

मनिका की गैरमौजूदगी में श्रीजा अकुला महिला टीम की अगुआई करेंगी। टीम में यशस्वी घोरपड़े, दीया चिताले, सुतिर्था मुखर्जी और सिंड्रेला दास हैं। यह टीम अनुभव और युवा जोश का मिक्स है।पुरुष टीम में जी साथियान और हरमीत देसाई जैसे सीनियर खिलाड़ी हैं। उनके साथ मानव ठक्कर, मानुष शाह और युवा पायस जैन को मौका मिला है। अंकुर भट्टाचार्य और रोनित भंजा रिजर्व में हैं।एशियाई खेलों में टेबल टेनिस का लेवल बहुत हाई रहता है। चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और चीनी ताइपे जैसी वर्ल्ड चैंपियन टीमें यहां खेलती हैं। मनिका जैसी स्टार के बिना भारतीय टीम के लिए मेडल की राह और मुश्किल हो गई है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article