स्पोर्ट्स

सुप्रीम कोर्ट ने AIFF और FSDL से कहा, खत्म करें विवाद

सुप्रीम कोर्ट ने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) और फुटबॉल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट लिमिटेड (एफएसडीएल) से मास्टर राइट्स समझौते के नवीनीकरण से संबंधित मुद्दे को सुलझाने को कहा है

Image

भारत का उच्चतम न्यायालय (फोटो क्रेडिट AP)

नई दिल्ली: उच्चतम न्यायालय ने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) और फुटबॉल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट लिमिटेड (एफएसडीएल) से मास्टर राइट्स समझौते के नवीनीकरण से संबंधित मुद्दे को सुलझाने को कहा है क्योंकि इससे ही इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) का आगामी सत्र शुरू नहीं हो सका है। न्यायमूर्ति पी एस नरसिम्हा और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए एआईएफएफ और एफएसडीएल को इस मुद्दे पर चर्चा करने और अगली सुनवाई की तारीख 28 अगस्त तक समाधान निकालने का निर्देश दिया।

उच्चतम न्यायालय 18 अगस्त को राष्ट्रीय महासंघ और टूर्नामेंट के आयोजकों के साथ अपने अनुबंधों का नवीनीकरण नहीं होने के कारण 11 आईएसएल क्लबों के भाग्य को लेकर एआईएफएफ और एफएसडीएल के बीच विवाद से जुड़े मामले की सुनवाई के लिए सहमत हो गई थी। इन 11 आईएसएल क्लबों ने एआईएफएफ को चेतावनी दी है कि अगर शीर्ष स्तरीय घरेलू प्रतियोगिता के भविष्य को लेकर गतिरोध जल्द ही हल नहीं हुआ तो उन्हें पूरी तरह से बंद होने की वास्तविक संभावना का सामना करना पड़ सकता है। पीठ ने याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति तब व्यक्त की थी जब न्यायमित्र और वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने दलील दी थी कि अनुबंध की अवधि के दौरान एफएसडीएल को आईएसएल का आयोजन करके इसका सम्मान करना होगा।

एआईएफएफ ने इस फैसले क बाद कहा कि वह लीग (आईएसएल) के आयोजकों के साथ ‘पारस्परिक सहमति से कोई समाधान निकालने का प्रयास’ करेगा ताकि इसे समय पर शुरू किया जा सके क्योंकि उसे इस मामले पर चर्चा के लिए उच्चतम न्यायालय से मंजूरी मिल गई है। एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा,'उच्चतम न्यायालय में हुई कार्यवाही के अनुसार एआईएफएफ आठ दिसंबर 2025 को समाप्त होने वाले ‘मास्टर राइट्स एग्रीमेंट’ के संबंध में फुटबॉल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट लिमिटेड (एफएसडीएल) के साथ सद्भावनापूर्वक बातचीत करेगा।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article