स्पोर्ट्स

सुनील छेत्री मालदीव के खिलाफ करेंगे संन्यास से वापसी, जानिए कब, कहां खेला जाएगा मुकाबला

भारत के स्टार फुटबॉल खिलाड़ी सुनील छेत्री बुधवार को शिलांग में मालदीव के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में वापसी करने जा रहे हैं। जानिए इस मुकाबले से जुड़ी अहम बातें।

Image

सुनील छेत्री(साभार AIFF)

शिलांग: भारत और मालदीव के बीच बुधवार को शिलांग जब अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैच खेला जाएगा तो सभी की निगाहें संन्यास से वापसी करने वाले स्टार स्ट्राइकर सुनील छेत्री पर टिकी रहेंगी। भारत के लिए यह मैच एक सप्ताह से भी कम समय में इसी स्थान पर बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर मैच के लिए ड्रेस रिहर्सल के रूप में काम करेगा।

एशिया कप क्वालीफायर्स के लिए छेत्री ने की है वापसी

भारत एशिया कप क्वालीफायर में अपना पहला मैच 25 मार्च को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा और 40 वर्षीय छेत्री ने इस प्रतियोगिता में भारत को सफलता दिलाने के लिए ही इस महीने के शुरू में संन्यास से वापसी करने की घोषणा की थी। भारतीय टीम के लिए यह अभ्यास मैच ऐतिहासिक भी है क्योंकि वह पहली बार फुटबॉल के दीवाने इस पहाड़ी शहर में मैच खेलेगी।

शिलांग में पहली बार खेलेगी भारतीय टीम

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में वापसी की घोषणा के बाद यह भारत के सर्वकालिक शीर्ष स्कोरर छेत्री का भी पहला मैच होगा। भारत के मुख्य कोच मानोलो मार्केज़ ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा,'यह पहला अवसर है जबकि हम यहां खेल रहे हैं, लेकिन मैंने यहां के कई कोचों और खिलाड़ियों के साथ काम किया है। मुझे पता था कि यह बहुत अच्छी जगह है।'

पूर्वत्तर भारत पहुंचा अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल

उन्होंने कहा,'मुझे याद है जब मैंने पिछले साल शिलांग में डूरंड कप देखा था, तो मैंने कहा था, वाह, मैदान, भीड़, माहौल, सब कुछ अच्छा है। मैं मजाक नहीं कर रहा हूं, मैंने कहा था कि यह बहुत अच्छा होगा अगर एक दिन राष्ट्रीय टीम यहां खेल सके।' डिफेंडर मेहताब सिंह ने कहा,'हमें शिलांग में आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह पहली बार है कि हमारी राष्ट्रीय टीम यहां खेलेगी। उत्तर-पूर्व अपने फुटबॉल प्रशंसकों के लिए जाना जाता है। फुटबॉल यहां का सबसे बड़ा खेल है। फुटबॉल को विभिन्न क्षेत्रों में ले जाना भारतीय फुटबॉल के लिए बहुत अच्छी बात है।'

मालदीव के खिलाफ जीत के इरादे से उतरेगी भारतीय टीम

भारत इस मैच में बड़ी जीत हासिल करने के उद्देश्य से मैदान पर उतरेगा लेकिन उसे मालदीव को किसी भी तरह से कम करके नहीं आंकना होगा। भारतीय टीम को इस मैच से बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले मैच से पहले यह पता करने का मौका मिलेगा कि उसे किन क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article