स्पोर्ट्स

Hockey World Cup 2026: वेल्स के खिलाफ धमाकेदार जीत के बाद क्या बोले टीम इंडिया के सरपंच साहब?

भारतीय हॉकी टीम ने वेल्स को 3-1 के अंतर से पटखनी देकर हॉकी विश्व 2026 में विजयी शुरुआत की है। टीम के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने जानिए क्या कहा?

Image

हरमनप्रीत सिंह (फोटो क्रेडिट AI Generated)

एम्सटेलवीन: विश्व कप के पहले मैच में वेल्स को 3 -1 से हराने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने इस प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि पहले मैच में अच्छे अंतर से जीत दर्ज करके पूरे तीन अंक हासिल करना महत्वपूर्ण था। पूल डी के पहले मैच में भारत के लिये दो गोल करने वाले 'मैन आफ द मैच' हरमनप्रीत ने कहा,'हमने बहुत अच्छा खेला । हमारा लक्ष्य यही था कि मैच दर मैच मौके बनाने हैं और गोल करने हैं । मैन आफ द मैच या कौन गोल कर रहा है, यह महत्वपूर्ण नहीं है । बस गोल होने चाहिये। उसी मानसिकता से खेले थे।'

हमें रखना था जीत का अंतर

उन्होंने जीत के साथ शुरूआत को अहम बताते हुए कहा,'पहले मैच में जीत का अंतर अच्छा रखना था। हम 3 -1 से जीते और तीन अंक लिये जो अच्छा परिणाम है।'आखिरी मिनटों में वेल्स ने गोल करके भारत को क्लीन शीट नहीं लेने दी लेकिन हरमनप्रीत ने कहा कि आने वाले मैचों में उनकी टीम गलतियों से सबक लेकर खेलेगी। उन्होंने कहा, 'हमने अपनी पूरी कोशिश की लेकिन उन्होंने भी अच्छा खेला। यह पहला ही मैच था और कोशिश करेंगे कि आगे के मैचों में गलती नहीं हो।'

फॉर्वड ने किया शानदार प्रदर्शन

भारत ने तीनों गोल पेनल्टी कॉर्नर पर किये जबकि कोच क्रेग फुल्टोन फील्ड गोल पर भी लगातार जोर देते आये हैं। इस बारे में पूछने पर भारतीय कप्तान ने कहा,'हमारी फॉरवर्ड पंक्ति ने अच्छा प्रदर्शन किया और कई पेनल्टी कॉर्नर बनाये । वे फील्ड गोल करें या पीसी बनाये,टीम के लिये गोल होना अहम है।' विश्व कप से पहले भारतीय टीम के प्रदर्शन के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि उतार चढाव खेल का हिस्सा है। अभी टीम का फोकस विश्व कप पर है और टीम अच्छे फॉर्म में है,अच्छी तैयारी से आई है और जीत का पूरा यकीन है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article