शहर

हरियाणा में डेयरी संचालक की हत्या पर बवाल, आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प; SP-DSP समेत कई घायल

हरियाणा के हांसी में डेयरी संचालक जीवन की हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों और पुलिस के बीच शनिवार को तनाव बढ़ गया। प्रदर्शनकारी हत्या के फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। उन्हें रोकने के दौरान हुई झड़प में किसानों, पुलिसकर्मियों और हांसी के एसपी समेत कई लोग घायल हो गए।

Image

पुलिस पर हुई पत्थरबाजी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Hansi Dairy Operator Murder: हरियाणा के हांसी में शनिवार को एक डेयरी संचालक की हत्या के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हो गई। प्रदर्शनकारी राज्य स्तर पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल की ओर जाने का जबरन प्रयास कर रहे थे। झड़प में किसानों और पुलिसकर्मियों समेत हांसी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) स्तर के एक अधिकारी समेत कई लोग घायल हो गए। डेयरी संचालक जीवन की हत्या के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं समेत प्रदर्शनकारियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल पर प्रदर्शन करने का आह्वान किया था। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यहां तिरंगा फहराया था।

4 अगस्त को हुई थी जीवन की हत्या

चार अगस्त को जीवन की कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी। सात संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन प्रदर्शनकारी फरार मुख्य आरोपी रमेश शर्मा की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन को देखते हुए हांसी में कई स्थानों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, ट्रैक्टर और दूसरे वाहनों से आए किसानों की पुलिस के साथ दो-तीन जगहों पर झड़प हुई, जब उन्हें हांसी के ’गवर्नमेंट कॉलेज’ मैदान में हो रहे कार्यक्रम की ओर जाने से रोका गया।

पुलिस ने किया लाठीचार्ज

कथित तौर पर पत्थरबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। हांसी के एसपी विनोद कुमार के हाथ पर पत्थर लगा जिससे वह चोटिल हो गए। डीएसपी और निरीक्षक समेत पुलिस के अन्य अधिकारी भी घायल हो गए। कुमार को हाथ में लगी चोट से खून रोकने के लिए रूमाल बांधते हुए देखा गया। बाद में उन्होंने बताया कि कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। यह हत्या चार अगस्त की सुबह हुई, जब हिसार जिले के सूर्य नगर में कुछ लोगों ने कथित तौर पर डेयरी संचालक जीवन पर हमला किया।

आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये के इनाम

पुलिस ने बताया कि जीवन अपनी मोटरसाइकिल से ट्रॉली खींचकर गोबर फेंकने जा रहा था, तभी पड़ोस के 10-12 युवकों के एक समूह ने उसे घेर लिया। उन्होंने उसे लाठी-डंडों से पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया। उनका परिवार गंभीर रूप से घायल जीवन को नजदीकी अस्पताल ले गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हिसार पुलिस ने पहले कहा था कि वह फरार आरोपी को पकड़ने की लगातार कोशिश कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article