President At Home Reception: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक 'एट होम' रिसेप्शन आयोजित किया। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, सीजेआई सूर्यकांत, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री, राजनयिक और विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं।
इस समारोह की शुरुआत 'वंदे मातरम्' और राष्ट्रगान के साथ हुई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और विदेश मंत्री एस जयशंकर भी राष्ट्रपति भवन में मौजूद रहे। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपनी पत्नी सविता कोविंद के साथ समारोह में शामिल हुए। पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू भी इस मौके पर नजर आए।
आमिर हुसैन लोन भी हुए शामिल
पैरा-क्रिकेटर आमिर हुसैन लोन भी 'एट होम' रिसेप्शन में आमंत्रित प्रमुख अतिथियों में शामिल रहे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर साल आयोजित होने वाला यह औपचारिक समारोह समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को एक मंच पर लाता है। इनमें सार्वजनिक सेवा, रक्षा, खेल, सिनेमा, कला समेत कई क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल होते हैं।
राष्ट्रपति ने शहीदों को किया नमन
इससे पहले, राष्ट्रपति मुर्मू ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचकर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि, थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ, नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने भी शहीदों को नमन किया।
लाल किले पर 'वंदे मातरम्' की गूंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को देशभक्ति की भावना और बहुस्तरीय सुरक्षा के बीच लालकिला परिसर में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व किया। लालकिले पर समारोह के दौरान पहली बार राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' गाया गया। इस अवसर पर सेना के एक बैंड ने 'वंदे मातरम्' की धुन बजाई। इसके बाद प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और फिर राष्ट्रगान गाया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर भारत को दुनिया का सलाम, पुतिन से लेकर मैक्रों तक ने दीं शुभकामनाएं; जानें किसने क्या कहा
राष्ट्रगान की प्रस्तुति 1721 फील्ड बैटरी (सेरेमोनियल) के गनर द्वारा स्वदेशी 105 मिमी लाइट फील्ड गन का उपयोग करते हुए 21 तोपों की सलामी के साथ तालमेल बिठाकर की गई। प्राचीर पर फूलों की सजावट के केंद्र में राष्ट्रीय ध्वज को दर्शाया गया, जिसके चारों ओर हिंदी में 'वंदे मातरम' लिखा था।
ध्वजारोहण के बाद तिरंगे को 'राष्ट्रीय सलामी' दी गई। इसके बाद भारतीय वायुसेना के दो एमआई-17 हेलीकॉप्टरों ने कार्यक्रम स्थल पर फूलों की पंखुड़ियों की वर्षा की जिनमें से एक पर राष्ट्रीय ध्वज लगा था और दूसरे पर 'वंदे मातरम्' को दर्शाने वाला झंडा था। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने 75 मिनट का संबोधन दिया।
