देश

'भर्ती परीक्षाओं में रोकें घपले, वरना मैं भी शुरू कर दूंगा विरोध', मोदी सरकार को रामदेव का अल्टीमेटम

Student Protest: योग गुरु बाबा रामदेव ने शनिवार को नरेंद्र मोदी सरकार को शिक्षा और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर चेतावनी दी।

Image

योग गुरु बाबा रामदेव (फाइल फोटो)

Student Protest: योग गुरु बाबा रामदेव ने शनिवार को नरेंद्र मोदी सरकार को शिक्षा और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार ने जल्द ही इस 'घपले' को ठीक नहीं किया, तो यह आंदोलन और तेज हो सकता है और उन्हें भी दोबारा विरोध करना पड़ सकता है।

रामदेव ने 'जेन जी' से हिंसा और कानून-व्यवस्था तोड़ने वाली गतिविधियों में शामिल न होने की अपील की और कहा कि विरोध-प्रदर्शन संविधान के दायरे में रहकर ही किए जाने चाहिए। हरिद्वार स्थित 'पतंजलि योगपीठ' में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संवाददाताओं से बात करते हुए रामदेव ने कहा कि छात्र स्कूलों और कॉलेजों में शिक्षकों, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर विरोध कर रहे हैं।

'देश में हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल'

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों में चयन प्रक्रिया पर ''भ्रष्टाचार और धन बल'' का असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा, ''देश में हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल है। बच्चे शिकायत कर रहे हैं कि उनके स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं। बिजली, पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं। कुछ जगहों पर नकल हो रही है, तो कहीं प्रश्न पत्र लीक हो रहे हैं।''

योग गुरु ने कहा, ''सरकारी नौकरी के साक्षात्कार में 99 प्रतिशत तक भ्रष्टाचार होता है। जाति और धर्म के आधार पर चयन किया जा रहा है। यह बहुत गलत और संविधान के खिलाफ है।''

रामदेव ने कहा, ''एक तरफ हम 'सत्यमेव जयते' और 'यतो धर्मस्ततो जय:' की बात करते हैं, तो दूसरी तरफ एक करोड़ रुपये की रिश्वत देने के बाद ही भर्तियां हो रही हैं। अगर हर कोई विरोध करने लगे, तो देश कैसे चलेगा? इसलिए, अपना तरीका सुधारें; वरना आंदोलन और तेज हो जाएगा।''

रामदेव ने सरकार को दिया अल्टीमेटम

योग गुरु ने कहा कि सरकार को इन समस्याओं को तुरंत ठीक करना चाहिए, वरना वह भी विरोध शुरू कर देंगे। उन्होंने चेतावनी दी, ''मैं विरोध प्रदर्शन की आड़ में अराजकता और कानून-व्यवस्था तोड़ने का समर्थन नहीं करता, लेकिन इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि देश में बहुत सारे घपले हो रहे हैं। कृपया इसे ठीक करें, वरना बाबा रामदेव को फिर से विरोध करना पड़ेगा।''

योग गुरु 2011 में दिल्ली के रामलीला मैदान में भ्रष्टाचार के खिलाफ किए गए अपने पुराने विरोध प्रदर्शन का जिक्र कर रहे थे। रामदेव ने कहा, ''हमें पूरे देश में नफरत की सभी दीवारों को गिराना होगा। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर, आइए हम 'बांटो और राज करो' की नीति को खत्म करने का संकल्प लें।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!