स्पोर्ट्स

07 MAY 2023 सुर्खियां खेल की: हैदराबाद के खिलाफ हर हाल में जीतना होगा राजस्थान को, कोहली की पारी से एंकर की घटती भूमिका फिर चर्चा में

  • Authored by: शेखर झा
  • Updated May 7, 2023, 05:06 PM IST

07 May 2023 सुर्खियां खेल की: इंडियन प्रीमियर लीग के 51वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में भिड़ने उतरेगी। वैसे तो यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन नॉकआउट की रेस में बने रहने के लिए राजस्थान के लिए यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा।

Image

राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी और विराट कोहली। (फोटो - IPL/BCCI)

07 MAY के खेल सुर्खियां की बात करें तो आईपीएल के 16वें सीजन में एक और डबल हेडर का रोमांच देखने को मिला। इस डबल हेडर के पहले मुकाबले में गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला खेला गया, जबकि दूसरा मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और सनराइजस हैदराबाद के बीच जयपुर में खेला जाएगा। वहीं, भारतीय भारोत्तोलक जेरेमी लालरिनुंगा ने रविवार को एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप में पुरुषों के 67 किग्रा भार वर्ग के स्नैच में सिल्वर मेडल जीता। इस बीच, दिल्ली के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग इस सत्र के शुरू में टी20 में एंकर की भूमिका पर संदेह व्यक्त कर चुके हैं।

राजस्थान का सामना आज हैदराबाद से

आईपीएल के 52वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्य का सामना सनराइजर्स हैदाबााद से होगा। यह मुकाबला जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। यह मुकाबला हैदराबाद से ज्यादा राजस्थान के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि 10 अंक के साथ राजस्थान की टीम पॉइंट टेबल में चौथे नंबर पर है, जबकि हैदराबाद की टीम 6 अंक के साथ टेबल में सबसे नीचे हैं। नॉकआउट की रेस में बने रहने के लिए राजस्थान को हरहाल में यह मुकाबला जीतना होगा। वहीं, हैदराबाद की टीम नॉकआउट की रेस से लगभग बाहर हो चुकी है।

जेरेमी ने स्नैच में जीता मेडल, क्लीन एवं जर्क में रहे फेल

भारतीय भारोत्तोलक जेरेमी लालरिनुंगा ने रविवार को यहां एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप में पुरुषों के 67 किग्रा भार वर्ग के स्नैच में सिल्वर मेडल जीता, लेकिन क्लीन एवं जर्क में वह तीनों प्रयासों में नाकाम रहे, जिससे कुल योग में जगह नहीं बना सके। राष्ट्रमंडल खेल 2022 के बाद अपने पहले टूर्नामेंट में भाग ले रहे जेरेमी 12 भारोत्तोलकों के बीच अकेले ऐसे खिलाड़ी रहे जो अपनी स्पर्धा पूरी नहीं कर पाए। उनका यह भार वर्ग हालांकि ओलंपिक का हिस्सा नहीं है। जेरेमी ने स्नैच में 141 किग्रा भार उठाकर अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी की और सिल्वर मेडल जीता। वह क्लीन एवं जर्क में अपने पहले दो प्रयासों में 165 किग्रा वजन नहीं उठा पाए।

कोहली की पारी से टी20 में एंकर की घटती भूमिका फिर चर्चा में

विराट कोहली की इंडियन प्रीमियर लीग मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 46 गेंदों पर खेली गई 55 रन की पारी से टी-20 प्रारूप में पारी संवारने वाले बल्लेबाजों यानि एंकर की घटती भूमिका को लेकर फिर से बहस शुरू हो गई है। कोहली की इस पारी के बावजूद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) की टीम को इस मैच में हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली ने फिल सॉल्ट की बड़ी अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 गेंद शेष रहते ही यह मैच जीत लिया था। दिल्ली के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग इस सत्र के शुरू में टी20 में एंकर की भूमिका पर संदेह व्यक्त कर चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व कप्तान ने कहा था,‘मेरा मानना है कि अगर आपके पास आक्रामक और पावरफुल बल्लेबाज हैं तो वह एंकर की भूमिका निभाने के लिए अपना खेल बदल सकते हैं लेकिन पारी संवारने वाले की भूमिका निभा रहा बल्लेबाज बमुश्किल ही 200 के स्ट्राइक रेट से रन बना पाएगा। इस साल अगर कोई खिलाड़ी ऐसा कर सकता है तो वह अजिंक्य रहाणे है।’

हालैंड का फैसला हुआ गलत, केन ने वायने रूनी को पीछे छोड़ा

इस सत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले एर्लिंग हालैंड का एक फैसला मैनचेस्टर सिटी पर भारी पड़ता नजर आ रहा था, लेकिन आखिर में वह लीड्स पर 2-1 से जीत दर्ज करके इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) में शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत करने में सफल रहा। नार्वे के स्ट्राइकर हालैंड ने इस सत्र में शायद ही कोई गलती की होगी लेकिन शनिवार को उनका एक फैसला गलत साबित हुआ। मैनचेस्टर सिटी जब 2-0 से आगे चल रहा था तब उसे पेनल्टी मिली लेकिन हालैंड ने पेनल्टी लेने के बजाय उसे लेने का जिम्मा इल्के गुंडोगन को सौंप दिया जो हैट्रिक पर थे। इल्के गुंडोगन का शॉट हालांकि गोलपोस्ट से टकरा गया और इसके एक मिनट बाद लीड्स ने गोल कर दिया। बहरहाल मैनचेस्टर सिटी यह मैच जीतने में सफल रहा जिससे उसके 34 मैचों में 82 अंक हो गए हैं और वह दूसरे नंबर पर काबिज आर्सेनल से चार अंक आगे हो गया है।

सबालेंका ने मैड्रिड ओपन का खिताब जीता

दुनिया में शीर्ष रैंकिंग की दो खिलाड़ियों के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में आर्यना सबालेंका ने इगा स्वातेक को हराकर मैड्रिड ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल का खिताब जीता। विश्व में दूसरी रैंकिंग की खिलाड़ी सबालेंका ने तीन सेट तक चले कड़े मुकाबले में शीर्ष रैंकिंग वाली स्वातेक को 6-3, 3-6, 6-3 से पराजित किया। बेलारूस की खिलाड़ी सबालेंका दो सप्ताह पहले स्टुटगार्ट ओपन के फाइनल में हार गई थी और इससे पहले वह पोलैंड की अपनी प्रतिद्वंदी स्वातेक के खिलाफ क्ले कोर्ट पर खेले गए तीन मुकाबलों में जीत दर्ज नहीं कर पाई थी। उन्होंने यहां आक्रामक रवैया दिखाया तथा ढाई घंटे तक चले मैच में जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलियाई ओपन चैंपियन सबालेंका का यह इस सत्र में तीसरा और करियर का पुल 13वां खिताब है।

(भाषा इनपुट के साथ)

शेखर झा
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article