क्रिकेट

SL vs PAK: पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराया, जीत के साथ हुआ साहिबजादा फरहान का कप्तानी डेब्यू

पाकिस्तान ने जीत के साथ टी20 सीरीज का आगाज किया। पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 183 रन का लक्ष्य था जिसे उसने कप्तान फरहान के शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर हासिल कर लिया।

Image

श्रीलंका बनाम पाकिस्तान (साभार-X)

पाकिस्तान ने श्रीलंका को हराकर 3 मैच की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 183 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने कप्तान साहिबजादा फरहान और माज सदाकत की अर्धशतकीय पारी के दम पर 6 विकेट खोकर 7 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। विजयी शॉट विकेटकीपर बल्लेबाज ख्वाजा नफे ने खेला जो 7 गेंद में 12 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका की और से ईशान मलिंगा और महीश तीक्ष्णा ने 2-2 विकेट चटकाए।

पाकिस्तान की शानदार शुरूआत

183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम को अच्छी और तेज शुरुआत की दरकार थी। कप्तान फरहान और फखर जमां ने 31 गेंद में पहले विकेट के लिए 54 रन जोड़े। फखर जमां 21 रन बनाकर आउट हुए। नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आए माज सदाकत ने दूसरे विकेट के लिए 92(52) रन की साझेदारी की और पाकिस्तान की जीत सुनिश्चित कर दी। सदाकत 29 गेंद में 50 जबकि कप्तान साहिबजादा फरहान 53 गेंद में 89 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान के तौर पर यह साहिबजादा फरहान का पहला मुकाबला था और उन्होंने जीत के साथ इसका आगाज किया है।

लहिरू उदारा की शानदार बल्लेबाजी

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से लहिरू उदारा ने 91 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और एकमात्र छक्का जड़ा। यह उनके टी20 करियर का पहला अर्धशतक था, हालांकि, वह केवल 9 रन से अपना पहला शतक चूक गए। लहिरू उदारा के अलावा कामिंदु मेंडिस ने 23 और दसुन शनाका ने 18 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा बाकी बल्लेबाजों पर पाकिस्तान के गेंदबाजों ने लगाम लगाकर रखी। पाकिस्तान की ओर से नसीम शाह ने 3 जबकि मोहन रंधावा ने 2 विकेट चटकाए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article