Shreyas Iyer: भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। 31 साल के अय्यर जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भारतीय क्रिकेट टीम की अगुवाई करेंगे। टूर्नामेंट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में अय्यर ने कहा कि देश के लिए खेलना और कप्तानी करना दोनों ही सम्मान की बात है। श्रेयस अय्यर ने कहा, "एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करना और साथ ही कप्तानी करना सम्मान की बात है। जब आप भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं, तो हमेशा उम्मीदें होती हैं कि आपको टॉप पर फिनिश करना है। और यह एक अच्छा दबाव है।"
एशियन गेम्स में अय्यर कर रहे भारत की कप्तानी
अय्यर ने आगे कहा कि टीम रिजल्ट से ज्यादा प्रोसेस पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा, "जब उम्मीदें होती हैं, तो आप डिलीवर करना चाहते हैं। साथ ही मुझे लगता है कि हमें परिणाम के बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहिए। हमने एक टीम के रूप में एक स्टैंडर्ड सेट किया है। हम हर मैच में उस स्टैंडर्ड से बेहतर करने की कोशिश करते हैं।"
भारतीय टीम कर रही ओलंपिक 2028 की तैयारी
भारत अपने अभियान की शुरुआत क्वार्टर फाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ करेगा। यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए ओलंपिक 2028 की तैयारी का भी हिस्सा है, क्योंकि 2028 में क्रिकेट की ओलंपिक में वापसी हो रही है। अय्यर ने कहा, "हर मैच महत्वपूर्ण है। क्योंकि हर मैच से आपको प्रैक्टिस मिलती है। आपको नई टीमों के साथ खेलने का मौका मिलता है। जिस तरह से क्रिकेट बढ़ रहा है, प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है। और यह क्रिकेट के लिए कुल मिलाकर अच्छा है।"
जापान की पिचों को लेकर क्या बोले
जापान की पिचों को लेकर भी अय्यर ने बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि यहां की विकेट का कोई एक स्टैंडर्ड सेट नहीं किया जा सकता, इसलिए एडाप्ट करना बहुत जरूरी होगा।" केवल अफगानिस्तान ही नहीं, एशियाई खेलों में कोई भी टीम, जैसे जापान ने हमें बहुत अच्छा कॉम्पिटिशन दिया। क्योंकि यहां विकेट को किसी एक स्टैंडर्ड में सेट नहीं किया जा सकता। एडाप्ट करना बहुत जरूरी है। यह हर टीम के लिए चुनौतीपूर्ण और मुश्किल होगा। जो भी टीम अच्छा खेलेगी, हम उसी नजरिए से मैच के लिए जाएंगे।"
