स्पोर्ट्स

विंबलडन के सिंगल्स में हिस्सा लेंगी 44 साल की 'क्वीन ऑफ द कोर्ट', मिली वाइल्ड कार्ड एंट्री

विंबलडन 2026 का आज यानी, 22 जून से आगाज होगा। ऐसे में टेनिस के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। लगभग चार के बाद टेनिस में वापसी करने वाली 23 बार की ग्रैंड स्लैम विजेता सेरेना विलियम्स इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। उन्होंने महिला सिंगल्स में वाइल्ड कार्ड एंट्री मिली है।

Image

विंबलडन में हुई सेरेना विलियम्स की एंट्री। फोटो- AP

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टेनिस के चाहने वालों के लिए खुशखबरी है। 44 साल की उम्र में 'क्वीन ऑफ द कोर्ट' की प्रोफेशनल टेनिस में वापसी हो गई है। यानी की आज से 22 जून शुरू हो रहे विंबलडन 2026 में सेरेना विलियम्स खेलती हुईं नजर आएंगी। टूर्नामेंट के आगाज के 8 दिन पहले ही इसका ऐलान हुआ था कि सेरेना की टूर्नामेंट नें वाइल्ड कार्ड एंट्री हुई है।

उन्हें शुक्रवार को पता चलेगा कि पहले राउंड में उनका मुकाबला किससे होगा, जब विंबलडन के लिए सिंगल्स ड्रॉ निकाले जाएंगे। लंबे समय से टेनिस कोर्ट से बाहर रहने के चलते फिलहाल सेरेना विलियम्स की कोई रैंकिंग नहीं है। इगा स्वियातेक मौजूदा विंबलडन चैंपियन हैं, जबकि एरिना सबालेंका नंबर 1 रैंकिंग पर हैं। क्योंकि सेरेना की कोई रैंकिंग नहीं है, इसलिए शुरुआती राउंड में उनका मुकाबला स्वियातेक, सबालेंका या किसी भी टॉप-रैंक वाले खिलाड़ी से हो सकता है।

8 दिन पहले हुई थी घोषणा

याद हो कि विंबलडन ने महिलाओं के सिंगल्स इवेंट में आठवां और आखिरी वाइल्ड कार्ड स्पॉट तब तक खाली रखा, जब तक विलियम्स ने अपना फैसला नहीं कर लिया। इसी हफ्ते बर्लिन में डबल्स मैच हारने के बाद ऐसा लग रहा था कि वह इस फैसले को लेकर उलझन में थीं। उन्होंने चेक गणराज्य की डबल्स पार्टनर कैरोलिना मुचोवा से भी इस बारे में राय ली कि क्या उन्हें सिंगल्स में खेल पाएंगी? काफी सोच विचार के बाद आखिरकार सेरेना ने हां कह दी और इसके बाद विंलबडन ने आधिकारिक ऐलान किया।

सिंगल्स और डबल्स में लेंगी हिस्सा

द ऑल इंग्लैंड क्लब ने इसका ऐलान करते हुए कहा कि सेरेना विलियम्स महिला सिंगल्स में हिस्सा लेंगी। लगभग चार साल के ब्रेक के बाद सेरेना विलियम्स ने जब से प्रोफेशनल टेनिस में वापसी की घोषणा की है, तब से इस बारे में चर्चा हो रही थी कि क्या वह विंबलडन में हिस्सा लेंगी? टूर्नामेंट के आगाज से 8 दिन पहले द ऑल इंग्लैंड क्लब की ओर से यह जानकारी दी गई कि 23 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन विंबलडन में सिंगल्स मैच खेलेंगी।

रविवार को जारी घोषणा में कहा गया, 'सेरेना विलियम्स (USA) को विमेंस के सिंगल्स का आखिरी वाइल्ड कार्ड मिला है।' यह घोषणा ग्रास-कोर्ट ग्रैंड स्लैम शुरू होने से आठ दिन पहले की गई थी। 44 साल की उम्र में विलियम्स विंबलडन में सिंगल्स और डबल्स दोनों खेलेंगी। उन्होंने अपनी बड़ी बहन वीनस के साथ डबल्स मुकाबले के लिए पहले ही वाइल्ड कार्ड स्वीकार कर लिया है।

यूएस ओपन में मिली थी हार

सेरेना का सबसे हालिया सिंगल्स मैच 2022 US ओपन के तीसरे राउंड में अजला टोमलजानोविच के खिलाफ था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उस समय, उन्होंने कहा था कि वह 'रिटायरमेंट' शब्द का इस्तेमाल नहीं करना चाहतीं और इसके बजाय कहा कि वह टेनिस से आगे बढ़कर कुछ नया कर रही हैं। इसके बाद 2023 में उनकी दूसरी बेटी का जन्म हुआ। अब वाइल्ड कार्ड की घोषणा के बाद विलियम्स ने एक्स हैंडल पर कहा, 'अभी-अभी 'डक डक गूज' का जबरदस्त गेम खेला।'

7 बार जीता है विंबलडन

विलियम्स के 23 सिंगल्स ग्रैंड स्लैम खिताबों में से सात विंबलडन (2002, 2003, 2009, 2010, 2012, 2015 और 2016 में) में जीते गए हैं। उन्होंने डबल्स में भी 14 ग्रैंड स्लैम जीते हैं, सभी अपनी बहन वीनस के साथ और उनमें से छह विंबलडन में जीते हैं। सेरेना ने 2012 के लंदन ओलंपिक में सिंगल्स और डबल्स (वीनस के साथ) दोनों खिताब जीते हैं।

क्या है वाइल्ड कार्ड एंट्री

वाइल्ड कार्ड टूर्नामेंट आयोजकों द्वारा दिए जाने वाले खास आमंत्रण होते हैं, जो पूर्व चैंपियन और अन्य खिलाड़ियों को जरूरी एंट्री क्वालिफिकेशन के बिना मेन ड्रॉ में खेलने का मौका देते हैं। खैर, अब जब विलियम्स ने अपना मन बना लिया है, तो सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने लंबे समय के बाद वह सिंगल्स मैच के लिए शारीरिक रूप से कैसे तैयार होंगी।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article